Site icon Dainik Savera Times

शाकिब ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की आलोचना में बॉलीवुड फिल्म ‘नायक’ का किया जिक्र

ढाका: बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) की मार्केटिंग में विफल रहने पर अपने देश के क्रिकेट बोर्ड की तीखी आलोचना करते हुए बॉलीवुड फिल्म ‘नायक’ का जिक्र किया। इस फिल्म में, शिवाजी राव (अनिल कपूर) को मुख्यमंत्री द्वारा एक दिन के लिए राज्य चलाने और इसके सामने आने वाली समस्याओं को हल करने की चुनौती दी जाती है।

शाकिब ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर उन्होंने मुझे बीपीएल सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) बनाया, तो मुझे सब कुछ ठीक करने में एक या दो महीने लगेंगे। आपने ‘नायक’ फिल्म देखी है? अगर आप कुछ करना चाहते हैं, तो आप इसे एक दिन में कर सकते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों का ड्राफ्ट और नीलामी (समय पर) करूंगा और खाली समय के दौरान बीपीएल आयोजित करूंगा। हमारे पास सभी आधुनिक तकनीक होगी। घरेलू और विदेशों के लिए अच्छे प्रसारक होंगे।’’

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा घरेलू टी20 लीग बीपीएल साल 2012 में छह फ्रेंचाइजी टीमों के साथ शुरू की गई थी। अब इसमें टीमों की संख्या सात हो गई है। बीपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शाकिब ने दावा किया कि बीसीबी ने कभी भी टूर्नामेंट को लोकप्रिय बनाने का कोई इरादा नहीं दिखाया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बीपीएल के स्तर के बारे में नहीं जानता। यह कहना मुश्किल है कि हम इसे सफल नहीं बना सकते या ऐसा करना ही नहीं चाहते।’’

Exit mobile version