Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान का मुख्य कोच बनने पर शेन वाटसन ने अभी नहीं लिया फैसला, मुंह मांगी सैलरी देने को तैयार PCB

कराची: आस्ट्रेलिया के पूर्व हरफनमौला शेन वाटसन ने अभी तक पाकिस्तान का मुख्य कोच बनने के बारे में फैसला नहीं लिया है हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनकी फीस की मांग स्वीकार कर ली है ।

बोर्ड के सूत्रों के अनुसार वाटसन ने सालाना 20 लाख डॉलर मांगे हैं जो प्रतिमाह करीब सो चार करोड़ रूपये होते हैं । यह पाकिस्तान में किसी विदेशी कोच की सबसे ज्यादा फीस होगी ।

पाकिस्तान के पूर्व विदेशी कोच रिचर्ड पायबस, बॉब वूल्मर, ज्यौफ लॉसन, डेव वाटमोर, ग्रांट ब्राडबर्न और मिकी आर्थर को इससे काफी कम फीस दी गई थी ।

सूत्र ने कहा ,‘‘ आस्ट्रेलिया में वाटसन का परिवार है और अमेरिकी मेजर लीग से भी उसका करार है । वह सारे विकल्पों पर विचार कर रहा है क्योंकि बोर्ड चाहता है कि वह अधिकतम समय पाकिस्तान में बिताये और घरेलू स्तर पर खिलाड़ियों को तैयार करे ।’’ उन्होंने कहा कि वाटसन अनुबंध पर हस्ताक्षर करने में समय ले रहे हैं क्योंकि पीसीबी में और कोचिंग स्टाफ में लगातार बदलाव हो रहे हैं ।

वाटसन इस समय पाकिस्तान सुपर लीग में क्वेटा ग्लेडिएटर्स के कोच हैं । वह इंडियन प्रीमियर लीग में भी कोचिंग कर चुके हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें इसका अनुभव नहीं है।

Exit mobile version