Site icon Dainik Savera Times

शरत कमल और मनिका बत्रा करेंगे भारत की टीटी टीम का नेतृत्व

हांगझोऊ: शरत कमल और मनिका बत्रा के नेतृत्व में 10 सदस्यीय भारतीय टेबल टेनिस टीम एशियाई खेल 2023 में हिस्सा लेगी। टेबल टेनिस टूर्नामेंट 22 सितंबर से पीपुल्स रिपब्लिक आफ चाइना के हांगझोऊ में आयोजित किया जा रहा है। टेबल टेनिस ने 1958 में महाद्वीपीय आयोजन के तीसरे संस्करण में एशियाई खेलों के इवेंट में अपनी जगह बनाई थी। उसके बाद से 1970 के संस्करण को छोड़कर हर संस्करण में इसे प्रदर्शित किया गया है।

हालांकि, एशियन गेम्स में टेबल टेनिस में पदक के लिए भारत का लंबा इंतजार साल 2018 में समाप्त हुआ, जहां शरत कमल और मनिका बत्रा ने जकार्ता में मिश्रित युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। वहीं, एंथोनी अमलराज, हरमीत देसाई, साथियान गणानाशेखरन, मानव ठक्कर और शरत कमल ने पुरुष टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। गोंगशू कैनाल स्पोर्ट्स पार्क जिम्नेजियम में एशियन गेम्स के 19वें संस्करण में सभी टेबल टेनिस मैचों का आयोजन किया जाएगा। मिश्रित युगल फाइनल 30 सितंबर को खेला जाएगा, बाकी अन्य फाइनल मुकाबले एक अक्टूबर और दो अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version