Site icon Dainik Savera Times

ऋषभ पंत की वापसी को लेकर बहुत खुश और उत्साहित हैं शिखर धवन, बोले- मुझे पूरा विश्वास है कि वह आगे देश का नाम रोशन करेगा

नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने खुलासा किया है कि ऋषभ पंत को दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना में चोटिल होने के बाद एक समय शौचालय जाने के लिए भी मदद की जरूरत पड़ रही थी लेकिन अपने सकारात्मक रवैए के कारण यह विकेटकीपर बल्लेबाज वापसी करने में सफल रहा।

धवन ने मंगलवार को स्टार स्पोर्ट्स से कहा,‘‘ उसे इतना दर्द होता था कि वह कुछ महीनों तक कुछ नहीं कर पाता था। यहां तक की शौचालय जाने के लिए भी उसे मदद की जरूरत पड़ती थी। उन बुरे दिनों से लेकर अब तक उसने काफी धैर्य, सकारात्मकता और सहनशीलता दिखाई, और यह बड़ी बात है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे निश्चित तौर पर उसे ताकत मिली और मुझे पूरा विश्वास है कि वह आगे देश का नाम रोशन करेगा। मैं ऋषभ की वापसी को लेकर बहुत खुश और उत्साहित हूं। ईश्वर की कृपा से वह इतनी बड़ी दुर्घटना से उबरने में सफल रहा। उसने कड़ी मेहनत की और सकारात्मक रवैया अपनाया।’’ पंत को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग के लिए फिट घोषित कर दिया गया है, जिसमें वह दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे। चोटिल होने के कारण वह पिछले साल इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाए थे।

Exit mobile version