Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

बायें हाथ के बल्लेबाजों के लिए एक तरफ छोटी बाउंड्री से CSK को फायदा हुआ: मैक्सवेल

April 18, 2023

बायें हाथ के बल्लेबाजों के लिए एक तरफ छोटी बाउंड्री से CSK को फायदा हुआ: मैक्सवेल

बेंगलुरु: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) के हरफनमौला खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल का मानना है सोमवार को उनकी टीम के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने छोटी बाउंड्री का फायदा उठाया। चेन्नई सुपर ंिकग्स ने बड़े स्कोर वाले इस मैच को आठ रन से जीता। चेन्नई ने बायें हाथ के तीन बल्लेबाजों ने इस मैच में अहम योगदान दिया। सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (45 गेंदों में 83 रन), मध्यक्रम के बल्लेबाज शिवम दुबे (27 रन पर 52 रन) और मोईन अली (नौ गेंद पर नाबाद 19 रन) की आक्रामक पारियों से टीम छह विकेट पर 226 रन बनाने में सफल रही। आरसीबी की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 218 रन ही बना सकी।

इस मैच में 36 गेंद में 76 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले मैक्सवेल ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि छोटी सीमा रेखा (चिन्नास्वामी स्टेडियम में) का फायदा उनके वामहस्त बल्लेबाजों को हुआ। डेवोन कॉनवे ने इस दौरान लंबी पारी खेली।’’ उन्होंने बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद से गेंदबाजी नहीं कराने के फैसले का बचाव करते हुए कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि शाहबाज अहमद के लिए उन बल्लेबाजों (बायें हाथ के बल्लेबाज) के सामने गेंदबाजी करना जोखिम भरा होता।’’ मैक्सवेल ने कप्तान फाफ डु प्लेसी (33 गेंद में 62 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिये 126 रन जोड़कर जीत की उम्मीद जगा दी थी लेकिन दो ओवर के अंदर दोनों के आउट होने से मैच का रूख चेन्नई की तरफ मुड़ गया। मैक्सवेल ने कहा, ‘‘हमने अच्छा प्रदर्शन किया और लक्ष्य के करीब पहुंचे। हम ऐसी स्थिति में थे जहां से मैच जीत सकते थे। मुझे लगता है हम दोनों में से कोई एक कुछ और समय के लिए क्रीज पर रहता तो मैच का परिणाम कुछ और होता।’’

ऑस्ट्रेलिया के इस हरफनमौला ने चेन्नई के युवा श्रीलंकाई गेंदबाज मथीषा पथिराना की तारीफ की जिन्होंने 18वें ओवर में महज चार और 20वें ओवर में 10 रन देकर मैच पर चेन्नई की पकड़ बना दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘ दिनेश कार्तिक (14 गेंद में 28 रन) और शाहबाज (10 गेंद में 12 रन) ने अच्छी बल्लेबाजी की। सुयश (प्रभुदेसाई), (वेन) पार्नेल और हसरंगा ने भी पूरी कोशिश की लेकिन पथिराना ने आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी कर दबाव बढा दिया। उसने दबाव में अच्छा यॉर्कर डाला।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें