Shreyas Iyer: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर करीब ढाई महीने बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी चोट के चलते लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से कमबैक करने वाले हैं। लेकिन इससे पहले उनके साथ एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने फैंस की चिंता बढ़ा दी।
दरअसल, टीम इंडिया से जुड़ने के लिए वडोदरा पहुंचने से पहले श्रेयस अय्यर एक अनचाहे हादसे का शिकार होने से बच गए। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा जा सकता है कि अय्यर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान उन्होंने पहले एक छोटी बच्ची को ऑटोग्राफ दिया। तभी वहां मौजूद एक फैन अपने सफेद रंग के कुत्ते के साथ आगे आई और बोली कि यह भी आपका फैन है।
अय्यर का कुत्तों से लगाव
कुत्तों से लगाव रखने वाले अय्यर ने जैसे ही कुत्ते को दुलारने के लिए हाथ बढ़ाया, कुत्ते ने अचानक उनके हाथ पर झपट्टा मार दिया। हालांकि अय्यर सतर्क थे और उन्होंने तुरंत हाथ पीछे खींच लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। मौके पर मौजूद लोग भी इस घटना से हैरान रह गए।
ये भी पढ़ें- सुनील गावस्कर ने जेमिमा रोड्रिग्स को भेंट किया बल्ले के आकार का गिटार
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी चोट से ढाई महीने तक क्रिकेट से रहे दूर
सबसे राहत की बात यह रही कि अय्यर ने इस पूरे घटनाक्रम पर कोई नाराजगी नहीं दिखाई और मुस्कुराते हुए वहां से आगे बढ़ गए। लेकिन यह घटना उनके लिए गंभीर साबित हो सकती थी, क्योंकि हाल ही में वह चोट और फिटनेस की समस्याओं से जूझकर लौट रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक शानदार कैच के दौरान लगी चोट ने उन्हें करीब ढाई महीने तक क्रिकेट से दूर रखा था।
टल सकती थी टीम में वापसी
अगर इस बार उन्हें चोट लग जाती, तो न्यूजीलैंड सीरीज से उनकी वापसी एक बार फिर टल सकती थी। फिलहाल अय्यर पूरी तरह फिट हैं और भारतीय टीम के लिए मैदान पर वापसी करने को तैयार हैं, जबकि फैंस राहत की सांस ले रहे हैं कि उनका यह स्टार खिलाड़ी एक बड़े हादसे से सुरक्षित बच गया।
Watch Video- भारी बारिश ने एक बार फिर मचाई तबाही, लगातार बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा

