मुंबई: श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की एकदिवसीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनने की मंजूरी मिल गई है। 15 सदस्यीय दल में शामिल अय्यर का खेलना फिटनेस पर निर्भर था, जिसे उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में खेलकर साबित कर दिया। वह वड़ोदरा में होने वाले पहले वनडे से दो दिन पहले टीम से जुड़ेंगे। उपकप्तान अय्यर को 25 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया में पसली में चोट लगी थी, जिसके कारण वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज नहीं खेल पाए थे। मुंबई के लिए 82 और 45 रन की पारियां खेलकर उन्होंने मजबूत वापसी के संकेत दिए हैं।
वहीं, सर्जरी से गुजरने के बाद तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई के अनुसार, तिलक को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वह ट्रेनिंग शुरू करेंगे। उनकी फिटनेस के आधार पर आखिरी दो टी-20 में खेलने पर फैसला लिया जाएगा। भारत की वनडे टीम के अधिकांश खिलाड़ी 7 जनवरी को वड़ोदरा पहुंच चुके हैं। 15 साल से अधिक समय बाद शहर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा।
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।

