Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ind vs WI, 1st T20I: वैस्ट इंडीज के खिलाफ टी-20 में जीत से आगाज करने उतरेगी श्रेयस की सेना

October 6, 2026

Ind vs WI, 1st T20I: वैस्ट इंडीज के खिलाफ टी-20 में जीत से आगाज करने उतरेगी श्रेयस की सेना

लखनऊ : एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम को वैस्ट इंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 शृंखला का आगाज जीत से करने के इरादे से लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर उतरेगी। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम के सामने हालांकि वैस्ट इंडीज की मजबूत बैटिंग लाइनअप को बड़े स्कोर को बनाने से रोकना एक चुनौती हो सकती है जिसने हाल ही में खेले गए तीसरे व आखिरी एकदिवसीय मैच में शानदार प्रदर्शन करते 352 रन का लक्ष्य हासिल कर मेजबान टीम के क्लीन स्वीप के सपने को चकनाचूर कर दिया था।

इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है, जहां बड़ा स्कोर खड़ा करना एक चुनौती होता है। इस लिहाज से पहले गेंदबाजी मिलने की दशा में कुलदीप यादव और रवि विश्नोई को मदद मिलने की पूरी संभावना है, वहीं अर्शदीप सिंह और मयंक यादव रफ्तार से कैरिबायाई बल्लेबाजों को चौंका सकते हैं। श्रेयस अय्यर और उप कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई वाली टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी रनों का पीछा करने या पहले बल्लेबाजी की दशा में बड़ा स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा का खेलना लगभग तय है। अब देखना यह है कि उनके जोड़ीदार संजू सैमसन हो सकते है या ईशान किशन को मध्य क्रम पर आजमाया जा सकता है। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को एक और मौके का इंतजार होगा। भारतीय टीम में निचले क्रम में भी पावर-हिटिंग की कोई कमी नहीं है। शिवम दुबे, नीतीश कुमार रैड्डी और अक्षर पटेल जैसे आलराऊंडर कैरिबियन टीम के लिए सिरदर्द साबित हो सकते हैं।

वैस्टइंडीज की बात करें तो आखिरी वन डे मैच में 352 रन का रिकॉर्ड चेज करके उनका आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। कप्तान शाई होप बेहतरीन फॉर्म में हैं। रोवमैन पॉवेल, शिमरोन हेटमायर, और ऑलराऊंडर कीमो पॉल जैसे टी20 विशेषज्ञ खिलाड़ी भारत को कड़ी टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें