Site icon Dainik Savera Times

Shubman Gill और Rohit sharma नंबर-1 वनडे रैंकिंग के करीब

दुबई: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बस एक सप्ताह बचा है, भारत के कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल आईसीसी पुरुष वनडे खिलाड़ी रैंकिंग में शीर्ष स्थान के करीब पहुंच रहे हैं। ताजा रैंकिंग अपडेट में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने नं.1 पर अपना स्थान बनाए रखा, लेकिन इंगलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान अच्छे प्रयासों के बाद भारतीय जोड़ी नं.1 के करीब पहुंच गई है। इंगलैंड के खिलाफ लगातार 2 अर्धशतकों के बाद गिल एक स्थान ऊपर उठकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और बाबर से सिर्फ 5 रेटिंग अंक पीछे हैं, जबकि तीसरे स्थान पर बैठे रोहित कटक में अपने शानदार शतक के बाद पाकिस्तान के दाएं हाथ के बल्लेबाज से 13 रेटिंग अंक पीछे हैं। कई अन्य प्रमुख बल्लेबाजों ने आईसीसी के इस बड़े आयोजन की तैयारी के दौरान वनडे रैंकिंग में फिर से प्रवेश किया है।

पाकिस्तान के फखर जमान 13वें स्थान पर हैं, जबकि न्यूजीलैंड के केन विलियमसन (29वें), इंगलैंड के जोस बटलर (38वें), डेवोन कॉनवे (40वें) और जो रूट (51वें) भी 50 ओवर के क्रिकेट में वापसी के बाद स्टैंडिंग में वापस आ गए हैं। गेंदबाजों के बीच भी प्रतिस्पर्धा उतनी ही कड़ी है, राशिद खान, महेश दीक्षाना, बर्नार्ड स्कोल्ट्ज, शाहीन अफरीदी और कुलदीप यादव वनडे गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 5 में केवल 18 रेटिंग अंकों के अंतर से हैं। इस बीच भारतीय ऑलराऊंडर रवींद्र जडेजा (11वें) और मोहम्मद शमी (13वें) इंगलैंड सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद रैंकिंग में ऊपर चढ़े हैं। अफगानिस्तान के अनुभवी मोहम्मद नबी ऑलराऊंडरों की वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर मामूली बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर (2 पायदान ऊपर 7वें स्थान पर) इस सप्ताह सबसे ज्यादा आगे बढ़ने वालों में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: पंजाब पुलिस ने ड्रग्स-हथियार तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, अवैध हथियारों सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

Exit mobile version