Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईपीएल 2026: शुभमन गिल के तूफानी शतक से गुजरात टाइटंस फाइनल में, तीसरी बार खिताब के करीब

May 30, 2026

आईपीएल 2026: शुभमन गिल के तूफानी शतक से गुजरात टाइटंस फाइनल में, तीसरी बार खिताब के करीब

कप्तान शुभमन गिल ने तूफानी शतक जड़ते हुए गुजरात टाइटंस (जीटी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल में पहुंचा दिया है। जीटी ने शुक्रवार को ‘क्वालीफायर-2’ में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ 7 विकेट से दमदार जीत दर्ज की। खिताबी मुकाबले में इस टीम का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा।

गुजरात टाइटंस ने तीसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई है। साल 2022 में जीटी ने आरआर को मात देकर अपना पहला खिताब जीता था। अगले सीजन यह टीम फिर से फाइनल में पहुंची, जहां चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। जब 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीटी का सामना आरसीबी से होगा, तो दोनों टीमें अपने दूसरे खिताब को जीतना चाहेंगी।

महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने खराब शुरुआत के बावजूद 214/6 का विशाल स्कोर बनाया। यह टीम 1.5 ओवरों में महज 9 के स्कोर तक यशस्वी जायसवाल (1) और ध्रुव जुरेल (7) के रूप में दो बड़े विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला।

ये भी पढ़ें- https://dainiksaveratimes.com/sports/vinesh-phogat-gets-major-relief-from-supreme-court/

वैभव ने इस दौरान रवींद्र जडेजा के साथ मजबूत साझेदारी की। वैभव लगातार दूसरे मुकाबले में शतक चूके। उन्होंने 47 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 96 रन की पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा 35 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 45 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा, डोनोवन फरेरा ने 11 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 38 रन की तूफानी पारी खेली। विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में जीटी ने 18.4 ओवरों में मुकाबला जीत लिया। पहले विकेट के लिए कप्तान शुभमन गिल ने साईं सुदर्शन के साथ 77 गेंदों में 167 रन की साझेदारी की। सुदर्शन 32 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गिल ने 53 गेंदों में 104 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 15 चौके शामिल रहे।

इनके अलावा, वॉशिंगटन सुंदर ने 9 गेंदों में 16 रन की पारी खेली, जबकि राहुल तेवतिया 9 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 17 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और ब्रजेश शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें