कोलंबो : भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में बाएं हाथ के स्पिनरों के सामने निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यहां इस तरह के गेंदबाजों के खिलाफ कड़ा अभ्यास किया। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में गिल बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या के हाथों दो बार आउट हुए थे। उन्होंने 16 और आठ रन बनाए थे। भारत ने यह मैच 165 रन से जीता। दूसरा टैस्ट 23 अगस्त से शुरू होगा।
टेस्ट क्रिकेट में 42 मैचों में गिल को बाएं हाथ के स्पिनरों ने 11 बार आउट किया है। उन्होंने सिंहली स्पोर्ट्स क्लब की नेट पर मानव सुथार, रविंद्र जडेजा और कुछ स्थानीय गेंदबाजों का सामना किया। भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि गिल कोलंबो की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की कोशिश कर रहे थे। गिल का ऑफ-स्पिनरों और लेग-स्पिनरों के खिलाफ बेहतर रिकॉर्ड है।
इन गेंदबाजों के खिलाफ उनका संयुक्त औसत 61 है, जबकि सभी तरह के स्पिनरों के खिलाफ उनका करियर औसत 48 है। पहले टेस्ट में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले कुलदीप यादव ने टीम के साथ अभ्यास किया, लेकिन गेंदबाजी या बल्लेबाजी नहीं की। ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने ऋषभ पंत और शुभमन गिल को कुछ ओवर गेंदबाजी की।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दूसरे टेस्ट में कुलदीप की जगह जैन को मौका मिलेगा या नहीं। पहले टेस्ट में कुलदीप ने 25 ओवर में 103 रन देकर एक विकेट लिया था। सलामी बल्लेबाज और उप-कप्तान केएल राहुल नेट प्रैक्टिस से अनुपस्थित रहे, जबकि ध्रुव जुरेल ने थोड़ी देर बल्लेबाजी की। पहले टेस्ट में राहुल और जुरेल दोनों ने अर्धशतक बनाकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया था।

