Site icon Dainik Savera Times

शुभमन गिल ने नंबर-4 पर बैटिंग के लिए खुद को किया साबित : सरनदीप सिंह

Shubman Gill

Shubman Gill

Shubman Gill : इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया इतिहास रचने के करीब है। एजबेस्टन में जारी दूसरे टेस्ट में भारत जीत से महज सात विकेट दूर है। पूर्व क्रिकेटर सरनदीप सिंह के मुताबिक शानदार फॉर्म दिखाते हुए शुभमन गिल ने अपने आलोचकों को जवाब दे दिया है। उन्होंने साबित किया है कि वह विराट कोहली के बाद नंबर-4 पर बल्लेबाजी के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। शुभमन गिल ने पहले टेस्ट की पहली पारी में 147 रन जड़े थे। दूसरे टेस्ट में उन्होंने 269 और 161 रन की पारी खेली।

नंबर-4 पर बैटिंग के लिए तैयार है गिल-
सरनदीप सिंह ने कहा, ‘टेस्ट सीरीज की शुरुआत से पहले शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। उनकी फॉर्म को लेकर बातें हो रही थीं, लेकिन उन्होंने दबाव को हैंडल किया और खूबसूरती से बल्लेबाजी करते हुए सभी को संदेश दिया कि नंबर-4 पर बैटिंग के लिए वह पूरी तरह से तैयार हैं। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।‘

टीम के पास पहली जीत का मौका-
टीम इंडिया एजबेस्टन में नौंवा टेस्ट मैच खेल रही है। इससे पहले यहां हुए आठ मुकाबलों में उसे सात बार हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। भारत के लिए तीन टेस्ट और पांच वनडे मैच खेल चुके सरनदीप सिंह ने कहा, ‘भारत के पास दूसरे टेस्ट के अंतिम दिन इंग्लैंड को मात देने का मौका है। इंग्लैंड एजबेस्टन में भारत से कभी टेस्ट नहीं हारा है, लेकिन इस बार टीम इंडिया के पास मौका है। वह भारतीय टीम, जिसके पास जसप्रीत बुमराह नहीं है, जिसमें नए खिलाड़ी हैं।‘

आकाशदीप और सिराज की शानदार गेंदबाजी-
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने छह विकेट चटकाए, जबकि आकाश दीप के हाथ चार विकेट लगे थे। दूसरी पारी में सिराज एक विकेट ले चुके हैं, जबकि आकाश दीप ने दो विकेट झटके हैं। शुरुआती चार दिनों में इंग्लैंड के सभी 13 विकेट इन्हीं दोनों गेंदबाजों ने निकाले हैं।

सरनदीप सिंह ने भारत के इन सलामी गेंदबाजों को लेकर कहा, ‘आकाश दीप ने शानदार गेंदबाजी की है। दूसरी ओर, मोहम्मद सिराज ने बताया है कि वह सीनियर गेंदबाज हैं, उन्होंने पहली पारी में जिम्मेदारी दिखाई है। अब दोनों तेज गेंदबाजों के पास दिन की शुरुआत में जल्द विकेट लेने और भारत को बड़ी जीत दिलाने का मौका है।‘

जीत से 7 विकेट दूर टीम इंडिया-
टीम इंडिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 608 रन का लक्ष्य दिया है, जिसके जवाब में चौथे दिन तक इंग्लैंड ने तीन विकेट खोकर 72 रन बना लिए हैं। भारत जीत से सात विकेट दूर है, जबकि इंग्लैंड को यहां से जीत के लिए 536 रन की दरकार है।

 

Exit mobile version