अहमदाबाद। कप्तान शुभमन गिल (104) और साई सुदर्शन (103) की शतकीय पारियों और दोनों के बीच शुरुआती विकेट के लिए 104 गेंद में 210 रन की साझेदारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने शुक्रवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स को 35 रन से हराया। इसी के साथ गुजरात ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखी हैं। पहले बल्लेबाजी करने उतरे गुजरात टाइंटस की सलामी जोड़ी ने चेन्नई के गेंदबाजों की खूब जमकर पिटाई की और 4 विकेट गंवाकर 232 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में चेन्नई 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 196 रन तक ही पहुंच सका। चेन्नई की शुरुआत बहुत खराब रही उसने 3 ओवरों में 10 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। डेरिल मिचेल (63) और मोईन (56) ने टीम को जीत की तरफ ले जाना चाहा पर स्कोर बड़ा होने के कारण पहुंच नहीं सके।
गुजरात ने 12वें मैच में पांचवी जीत दर्ज की तो वहीं चेन्नई को 12 मैचों में यह 6वीं हार का सामना करना पड़ा। गुजरात की तरफ से मोहित शर्मा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। राशिद खान ने 2 और उमेश व वॉरियर ने 1-1 विकेट निकाला। गुजरात की तरफ से गिल ने 55 गेंद की पारी में नौ चौके और छह छक्के लगाए तो वहीं सुदर्शन ने आईपीएल में अपनी पहली शतकीय पारी के दौरान 51 गेंद में पांच चौके और सात छक्के जड़े। दोनों के बीच 210 रन की यह साझेदारी इस सत्र में किसी की विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। गिल और सुदर्शन ने इसके साथ पहले विकेट के लिए आईपीएल की सबसे बड़ी साझेदारी की बराबरी भी की। इससे पहले लोकेश राहुल और क्विंटन डिकॉक ने 210 रन की साझेदारी की थी। दोनों बल्लेबाजी पारी के 18 ओवर में तुषार देशपांडे (33 रन पर 2 विकेट) की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में आऊट हुए।
शुभमन गिल-सुदर्शन का शतक, सुपर किंग्स पर भारी पड़े टाइटंस

