Site icon Dainik Savera Times

2002 नेटवेस्ट फाइनल की यादें होंगी ताजा, मुंबई में प्रदर्शनी में रखी जाएगी सौरव गांगुली की ऐतिहासिक जर्सी

Sourav Ganguly jersey displayed exhibition Mumbai MCA Museum Team India

Sourav Ganguly jersey displayed exhibition Mumbai MCA Museum Team India

मुंबई: साल 2002 में नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद भारत के तत्कालीन कप्तान सौरव गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी से जिस जर्सी को लहराया था, वह इस महीने मुंबई में प्रदर्शित की जाएगी। यह खास शर्ट एमसीसी म्यूजियम की वस्तुओं की एक विशेष प्रदर्शनी का हिस्सा है, जिसे 14, 15 और 17 नवंबर को आम जनता के लिए खोला जाएगा।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के साथ मिलकर इस कलेक्शन को एमसीए शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम में लाया है। गांगुली की वनडे शर्ट के अलावा, इस प्रदर्शनी में सचिन तेंदुलकर का वनडे जंपर, एमएस धोनी की वनडे शर्ट, राहुल द्रविड़ की टेस्ट शर्ट और अनिल कुंबले की वनडे कैप भी शामिल हैं। प्रदर्शनी में इंग्लैंड और भारत के बीच साल 1982 में खेले गए ‘जुबली टेस्ट’ का एक मेडल भी प्रदर्शित किया जाएगा। ये सभी चीजें एमसीसी म्यूजियम ने सहेज कर रखी हैं, जो भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार खिलाड़ियों और पलों से जुड़ी हैं।

एमसीसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि क्लब को मुंबई के प्रशंसकों के साथ अपना कलेक्शन साझा करने में खुशी हो रही है। उन्होंने कहा, “मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) को एमसीए शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम में इस विशेष प्रदर्शनी के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के साथ सहयोग करने पर बहुत खुशी है।”

एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने इस सहयोग के लिए एमसीसी का धन्यवाद करते हुए कहा, “मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) को एमसीए शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम में आयोजित इस विशेष प्रदर्शनी के लिए मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के साथ जुड़ने पर गर्व है। मुंबई के क्रिकेट प्रशंसक इस खेल के समृद्ध इतिहास से गहराई से जुड़े हुए हैं। यह प्रदर्शनी भारत के महानतम क्रिकेट दिग्गजों से जुड़ी वस्तुओं को देखने का एक अनूठा अवसर प्रदान करती है। हम इन अनमोल खजानों को साझा करने और एक विश्व स्तरीय क्रिकेट म्यूजियम बनाने के हमारे प्रयासों का समर्थन करने के लिए एमसीसी के आभारी हैं। यह म्यूजियम इस खेल की विरासत को सहेजने और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे जीवंत रखने का काम करेगा।”

यह प्रदर्शनी एमसीए की उस पहल का हिस्सा है, जिसके जरिए म्यूजियम को क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बनाना है। इसमें मुंबई, भारतीय और विश्व क्रिकेट के इतिहास को दिखाया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में लोग एमसीसी की ऐतिहासिक वस्तुओं के साथ म्यूजियम में रखी यादगार चीजें भी देख सकेंगे।

Exit mobile version