रायपुर: सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम के शतक के बाद मैथ्यू ब्रीट्जके और डेवाल्ड ब्रेविस के अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीका ने विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ शतकों पर पानी फेरते हुए भारत को दूसरे एकदिवसीय क्रिकेट मैच में 4 विकेट से हराकर 3 मैच की श्रृंखला 1-1 से बराबर की। भारत के 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते दक्षिण अफ्रीका ने मार्करम की 98 गेंद में 10 चौकों और 4 छक्कों से 110 रन की पारी और ब्रीट्जके (68 रन, 64 गेंद, 5 चौके) तथा ब्रेविस (54 रन, 34 गेंद, 5 छक्के, एक चौका) के अर्धशतक से 49.2 ओवर में 6 विकेट पर 262 रन बनाकर जीत दर्ज की। ये विदेशी सरजमीं पर लक्ष्य का पीछा करते दक्षिण अफ्रीका की सबसे बड़ी जीत है जबकि भारत के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते किसी भी टीम की संयुक्त रूप से सबसे बड़ी जीत है।
ब्रीट्जके और ब्रेविस ने चौथे विकेट के लिए 64 गेंद में 92 रन की आक्रामक साझेदारी भी की जबकि मार्करम ने कप्तान तेम्बा बावुमा (46) के साथ दूसरे विकेट के लिए 101 और ब्रीट्जके के साथ तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। कोहली (102 रन, 93 गेंद, 7 चौके, 2 छक्के) ने इससे पहले रिकॉर्ड में सुधार करने वाला 53वां और लगातार दूसरा शतक जड़ने के अलावा गायकवाड़ (105 रन, 83 गेंद, 12 चौके, 2 छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 195 रन की साझेदारी भी की जिससे भारत ने 5 विकेट पर 358 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान लोकेश राहुल ने भी नाबाद 66 रन बनाए। कोहली और गायकवाड़ की यह साझेदारी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में इस विकेट की भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है।
ये भी पढ़ें-बच्चों में बढ़ती स्क्रीन टाइम पर अक्षय कुमार का बयान, कहा मोबाइल देना बड़ी गलती

