Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

दक्षिण ने उत्तर को 185 रन से रौंदा, देवधर ट्रॉफी के पहले मैच में उत्तर क्षेत्र ने रखा अपना लक्ष्य

July 25, 2023

दक्षिण ने उत्तर को 185 रन से रौंदा, देवधर ट्रॉफी के पहले मैच में उत्तर क्षेत्र ने रखा अपना लक्ष्य

पुडुचेरी: रोहन कुन्नूमल (70), मयंक अग्रवाल (64) और नारायण जगदीशन (72) के अर्द्धशतकों के बाद विधवत कावेरप्पा (17/5) की घातक गेंदबाजी से दक्षिण क्षेत्र ने देवधर ट्रॉफी के पहले मैच में उत्तर क्षेत्र को 185 रन से रौंदकर टूर्नामेंट का ज़ोरदार आगाज़ किया। दक्षिण क्षेत्र ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 303 रन बनाए और बारिश के कारण उत्तर क्षेत्र के सामने 27 ओवर में 246 रन का लक्ष्य रखा गया। उत्तर क्षेत्र की पूरी टीम 60 रन पर ही सिमट गयी, जो देवधर ट्रॉफी के इतिहास का सबसे छोटा स्कोर है।

कुन्नूमल और मयंक ने जहां 117 शतकीय साझेदारी से दक्षिण क्षेत्र को मजबूत शुरुआत दी, वहीं जगदीशन ने अर्द्धशतक जड़ते हुए यह सुनिश्चित किया कि उनकी टीम 300 रन के पार पहुंचे। कुन्नूमल ने 61 गेंद पर आठ चौकों और तीन छक्कों के साथ 70 रन बनाये, जबकि मयंक ने 68 गेंद पर सात चौके लगाकर 64 रन की पारी खेली। जगदीशन ने 66 गेंद पर चार चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 72 रन की पारी खेली।

उत्तर क्षेत्र ने बारिश की पहली बौछार से पहले 24 रन पर ही चार विकेट गंवा दिये। बारिश के बाद उसे 35 ओवर में 262 रन का लक्ष्य दिया गया और तेजी से रन बनाने की कोशिश में विकेटों का पतन जारी रहा। अंतत:, उत्तर क्षेत्र को 28 ओवर में 246 रन का लक्ष्य दिया गया और पूरी टीम 60 रन पर आॅलआउट हो गई।कावेरप्पा ने दक्षिण क्षेत्र की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट लिये। विजयकुमार विशाक ने दो विकेट लिये, जबकि वासुकी कौशिक, रविश्रीनिवासन साई किशोर और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक सफलता हासिल हुई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें