Site icon Dainik Savera Times

India vs Australia टेस्ट मैच के लिए Indore आए एक खेल पत्रकार की होटल में मौत

अंग्रेजी के एक दैनिक अखबार के वरिष्ठ खेल पत्रकार की इंदौर के एक होटल में मौत हो गई और चिकित्सकों को पहली नजर में लगता है कि उन्होंने दिल के दौरे से दम तोड़ा। मध्यप्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।एमपीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि “हिंदी” के वरिष्ठ उप संपादक (खेल) एस. दिनाकर (57) विजय नगर क्षेत्र के एक होटल के कमरे में सोमवार को बेसुध हालत में मिले और नजदीकी अस्पताल ले जाए जाने पर उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी के मुताबिक चिकित्सकों को पहली नजर में लगता है कि दिनाकर की मौत दिल के दौरे से हुई। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सम्पत उपाध्याय ने कहा कि वह वरिष्ठ खेल पत्रकार की मौत की पूरी जानकारी लेने के बाद ही इस मामले में कोई बयान दे सकेंगे। इस बीच, दिनाकर के एक सहकर्मी ने बताया कि दिनाकर ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी स्पर्धा के तहत भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इंदौर में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच की रिपोर्टिंग की थी और नौ मार्च से शुरू होने वाले चौथे तथा अंतिम टेस्ट के लिए वह अहमदाबाद निकलने की तैयारी कर रहे थे।

सहकर्मी ने बताया कि दिनाकर को मंगलवार सुबह की उड़ान से इंदौर से अहमदाबाद के लिए रवाना होना था। उन्होंने बताया कि दिनाकर के शोकसंतप्त परिवार में उनके बुजुर्ग पिता हैं। क्रिकेट के कवरेज के लिए दुनिया भर में घूम चुके दिनाकर अपनी मौत से पहले इसी खेल के बारे में लिख रहे थे। इंदौर के होलकरकालीन क्रिकेट की विरासत पर केंद्रित उनका अंतिम आलेख उनके निधन की खबर के साथ उनके मीडिया संस्थान ने मंगलवार को प्रकाशित किया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व सचिव संजय जगदाले ने दिनाकर को श्रद्धांजलि देते हुए “पीटीआई-भाषा” को बताया,‘‘इंदौर के पूर्व होलकर शासकों की क्रिकेट टीम के खेल के आक्रामक अंदाज के बारे में दिनाकर ने सोमवार को ही मुझसे बात की थी।”जगदाले ने बताया कि दिनाकर उनके साक्षात्कार के लिए उनसे मिलने आने वाले थे, लेकिन उन्होंने बाद में तय किया कि वह फोन पर ही उनसे बात करेंगे।

Exit mobile version