Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

खेल जगत में पसरा मातम, क्रिकेट मैदान पर इस खिलाड़ी को आया हार्ट अटैक

January 9, 2026

खेल जगत में पसरा मातम, क्रिकेट मैदान पर इस खिलाड़ी को आया हार्ट अटैक

खेल डेस्क। भारतीय क्रिकेट से एक बहुत ही दुखद खबर सामने आई है। जहां, मिजोरम के पूर्व रणजी क्रिकेट खिलाड़ी के. लालरेमरूआटा का गुरुवार को क्रिकेट मैदान पर ही निधन हो गया। वह एक लोकल क्रिकेट मैच खेल रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। इस हादसे से मिजोरम ही नहीं, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत में शोक का माहौल है।

 

बल्लेबाजी के बाद लौटते समय बिगड़ी हालत
38 वर्षीय के. लालरेमरूआटा एक लोकल दूसरे डिविजन टूर्नामेंट में वेंगनुआइ रेडर्स क्रिकेट क्लब की ओर से खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि वह बल्लेबाजी करने के बाद पवेलियन की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह मैदान पर ही गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।

 

मिजोरम क्रिकेट के लिए बड़ा नुकसान
के. लालरेमरूआटा मिजोरम क्रिकेट का एक जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने दो बार रणजी ट्रॉफी में मिजोरम की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी सात मैच खेल चुके थे। घरेलू क्रिकेट के साथ-साथ वह लोकल क्रिकेट में भी लगातार खेलते रहे और कई युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बने।

 

मिजोरम क्रिकेट संघ ने जताया गहरा शोक
मिजोरम क्रिकेट संघ (MCA) ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। संघ ने अपने बयान में कहा कि यह मिजोरम क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है। MCA ने कहा, हम के. लालरेमरूआटा के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। भगवान उन्हें इस मुश्किल समय में हिम्मत और शक्ति दे। संघ ने यह भी बताया कि लालरेमरूआटा एक अनुशासित, मेहनती और समर्पित खिलाड़ी थे।

 

मंत्री और खेल जगत ने भी दी श्रद्धांजलि
मिजोरम के खेल और युवा सेवा मंत्री लालघिंगलोवा हमार ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि मैच के दौरान लालरेमरूआटा को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद वह अचानक गिर पड़े। मंत्री ने कहा, मैदान पर खेलते समय एक खिलाड़ी को इस तरह खोना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे क्रिकेट समुदाय के साथ हैं।

ये भी पढ़ेंः J&K Weather: जम्मू-कश्मीर में बढ़ी सर्दी, एक दिन में 5.5 डिग्री तक लुढ़का पारा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें