Site icon Dainik Savera Times

MI कैंप में पहुंचे Sunil Chhetri, हार्दिक पंड्या ने दिया खास तोहफा

Sunil Chhetri

Sunil Chhetri

Sunil Chhetri: भारतीय फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री मशहूर वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (एमआई) के ट्रेनिंग सेशन के दौरान पहुंचे थे। इस दौरान एमआई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने छेत्री को एमआई की जर्सी भेंट की। ट्रेनिंग सेशन के दौरान पहुंचे सुनील छेत्री से एमआई के कई खिलाड़ी बात करते हुए नजर आए। छेत्री ने महेला जयवर्धने, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर और कप्तान हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों से बातचीत की और अपने शानदार करियर के अनुभव शेयर किए।

टूर्नामेंट के लिए दी शुभकामनाएं
छेत्री ने एमआई के एक टीवी वीडियो में कहा, “मैं स्टेडियम में बहुत बार नहीं गया हूं, लेकिन जब भी आया हूं, तो यह एक अद्भुत एहसास है। यहां आकर खेल को अलग तरह से देखना बहुत अच्छा है। मैं मुंबई इंडियंस और फैंस को न केवल इस मैच के लिए बल्कि पूरे टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

एमआई के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत शानदार रही थी। टीम ने 2012 के बाद किसी भी सीजन का पहला मैच इस बार जीता, लेकिन उसके बाद से टीम ने एक भी मैच नहीं जीता है। एमआई 4 मैचों में 3 हार के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है।

पिछले मैच में रिटायर हर्ट हुए रोहित शर्मा
टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ हुए अपने आखिरी मैच में 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था। एमआई के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा इस मैच में इंजर्ड होकर रिटायर हर्ट हुए थे। एमआई की तरफ से उस मैच में शरफेन रदरफोर्ड ने शानदार पारी खेली थी और 31 गेंदों पर 9 छक्कों की मदद से 71 रन बनाए थे। हालांकि, रदरफोर्ड अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके थे।

पंजाब किंग्स के खिलाफ MI का अगला मैच
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ है। एमआई के लिए इस मैच में जीत बेहद जरूरी है, जो पंजाब किंग्स के फॉर्म को देखते हुए बिल्कुल भी आसान नहीं लगता है।

Exit mobile version