Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सनराइजर्स के बल्लेबाजों को अधिक सक्रियता दिखानी चाहिए थी: लारा

April 25, 2023

सनराइजर्स के बल्लेबाजों को अधिक सक्रियता दिखानी चाहिए थी: लारा

हैदराबाद: सनराइजर्स हैदराबाद के कोच ब्रायन लारा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपेक्षाकृत छोटे लक्ष्य का पीछा करने में असफल रहने के लिए अपने बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उन्होंने अपना आक्रामक रवैया दिखाने में काफी देर कर दी थी।सनराइजर्स को सोमवार की रात को दिल्ली के हाथों सात रन से हार का सामना करना पड़ा जो उसकी लगातार तीसरी पराजय है। सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने बेहद रक्षात्मक रवैया अपनाया जिसका उन्हें खामियाजा भुगतना पड़ा।

उसके सामने 145 रन का लक्ष्य था लेकिन आखिर में वह छह विकेट पर 137 रन ही बना पाया।लारा ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘पिच में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं थी तथा हमें पूरी पारी के दौरान अधिक सक्रियता दिखानी चाहिए थी।’’ उन्होंने कहा,‘‘ हमने सब कुछ आखिर के लिए छोड़ दिया। मुझे अच्छा लगता अगर हमारे बल्लेबाज पावर प्ले का पूरा फायदा उठाते। हमने उन्हें बीच के ओवरों में विकेट लेने और हावी होने का मौका दिया।’’सनराइजर्स पावर प्ले में 36 रन ही बना पाया जबकि उसकी आधी टीम 14.1 ओवर में 85 रन पर पवेलियन लौट गई थी।लारा ने कहा,‘‘ पहले 15 ओवर काफी महत्वपूर्ण होते हैं और तब तक हमें काफी बेहतर स्थिति में होना चाहिए था। ’’

सनराइजर्स को प्लेआॅफ में जगह बनाने के लिए अब प्रत्येक मैच में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।लारा ने कहा,‘‘ हमें अब आगे के बारे में सोचना होगा और जल्द ही एकजुट होना होगा। इसमें कोई संदेह नहीं कि अब हमारे लिए राह मुश्किल है और हमें अधिक जिम्मेदारी से खेलना होगा।’’ दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 144 रन का स्कोर बनाया था लेकिन स्पिनर कुलदीप यादव ने कहा कि टीम को विश्वास था कि वह अपने स्कोर का बचाव करने में सफल रहेगी।

कुलदीप ने कहा,,‘‘ शत प्रतिशत एक टीम के रूप में हमें अपनी गेंदबाजी इकाई पर पूरा भरोसा था और हमने पूरे टूर्नामेंट में अच्छी गेंदबाजी की है और यहां पर हमारे पास अपना कौशल दिखाने का मौका था।’’ उन्होंने कहा,‘‘ हमने पावर प्ले में अच्छी गेंदबाजी की। इसके बाद बीच के ओवरों में मैंने और अक्षर पटेल ने हमें मैच में बनाए रखा जबकि अंतिम चार ओवरों में एनरिक नोर्किया और मुकेश कुमार ने अच्छी गेंदबाजी की।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें