Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 WC 2024: हार के बाद इंग्लिश कप्तान जोस बटलर का छलका दर्द, बोले- काश हम भारत को 145-150 पर रोक पाते

June 28, 2024

T20 WC 2024: हार के बाद इंग्लिश कप्तान जोस बटलर का छलका दर्द, बोले- काश हम भारत को 145-150 पर रोक पाते

जॉर्जटाउन (गयाना): आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को करारी शिकस्त देते हुए फाइनल में जगह बना ली। इंग्लिश टीम के कप्तान जोस बटलर ने स्वीकार किया है कि भारत ने सेमीफ़ाइनल मुकाबले में उन्हें खेल के हर विभाग में मात दी। इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ने मैच में मोईन अली गेंदबाजी न कराने पर भी अफसोस जताया।

इस मैच में इंग्लैंड के स्पिनरों आदिल रशीद और लियाम लिविंगस्टन ने दोनों के कुल आठ ओवरों में 49 रन दिए, लेकिन बटलर ने स्पिन के लिए मददग़ार इस पिच पर अपने ऑफ़ स्पिन ऑलराउंडर मोईन अली को गेंदबाज़ी नहीं दी। बटलर ने इसे अपनी गलती माना। जोस बटलर ने टॉस जीता और बारिश के खतरे के बावजूद भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। हालांकि, उन्हें अपने इस फैसले का कोई पछतावा नहीं है।

भारत के कप्तान रोहित शर्मा की 39 गेंदों में 57 रनों और सूर्यकुमार यादव की 36 गेंदों में 47 रनों की पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवरों में 171/7 का स्कोर बनाया। बटलर ने कहा कि एक कठिन पिच पर भारत ने 20 से 25 रन अधिक बनाए। उन्होंने कहा, “यह एक कठिन विकेट था, जहां उन्होंने अच्छा क्रिकेट खेला। उन्होंने हमसे बेहतर क्रिकेट खेला और वे जीत के हकदार थे।” इंग्लिश टीम के कप्तान ने कहा, “हां, यह हार निराशाजनक है। मुझे लगता है कि हम भारत से हर विभाग में हार गए।

वे पूरी तरह जीत के हकदार थे। इसलिए, उनका स्कोर औसत से बेहतर था। मैं उन्हें उस पिच पर संभवतः 145 – 150 तक सीमित करने की उम्मीद कर रहा था। लेकिन हम ऐसा करने में सफल नहीं हुए।”विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचना एक उपलब्धि है। हम निश्चित रूप से फाइनल तक जाना चाहते थे। हमने पूरे टूर्नामेंट में कई चुनौतियों को पार किया, लेकिन दुर्भाग्य से एक महत्वपूर्ण मौके पर हम पिछड़ गए।” इंग्लैंड के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 171 रनों का स्कोर बनाया,

जिसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम सिर्फ 103 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने मैच जिताऊ गेंदबाजी की। अक्षर और कुलदीप ने तीन-तीन विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी को तहस-नहस कर दिया। वहीं, जसप्रीत बुमराह और दूसरे गेंदबाजों ने भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। फाइनल में टीम इंडिया का सामना शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से है। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि टीम इंडिया इस बार ट्रॉफी के साथ ही लौटेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें