Site icon Dainik Savera Times

T20 World Cup 2024: इंग्लैंड ने ओमन पर रिकार्ड जीत दर्ज कर सुपर 8 की उम्मीद को रखा जिंदा

नॉर्थ साउंड: आदिल रशीद चार विकेट, मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर के तीन-तीन विकेटों की बदौलत इंग्लैंड ने टी-20 विश्वकप के 28वें मैच (ग्रुप-सी) में ओमान को रिकार्ड 101 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से हराकर सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। इंग्लैंड के कप्तान जॉस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उसके गेंदबाजी कप्तान के फैसले सही साबित करते हुए बल्लेबाजी करने उतरी ओमान की टीम को 13.2 ओवर में मात्र 47 के स्कोर पर समेट दिया।

ओमान का कोई भी खिलाड़ी इंग्लैंड के गेंदबाजों के आगे नहीं टिक सका और ओमान के बल्लेबाज तू चल मैं आया की तर्ज पर खटाखट पवेलियन लौट गये। केवल शोएब खान (11) ही दहाई आंकड़े तक पहुंच सके। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद ने 11 रन देकर चार विकेट लिये। मार्क वुड और जोफ्रा आर्चर ने 12-12 रन देकर तीन-तीन विकेट झटके। इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और कप्तान जॉस बटलर की सलामी जोड़ी 47 रनों के लक्ष्य को तेजी से हासिल करने के लिए पारी की तूफानी अंदाज में शुरुआत की।

हालांकि इस दौरान फिल सॉल्ट तीन गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गये। अगले ही ओवर में विल जैक्स भी (5) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। जॉस बटलर ने आठ गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद (24) रनों की पारी खेली। जॉनी बेयरस्टो आठ रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने 3.1 ओवर में दो विकेट पर 50 रन बनाकर आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया। मुकाबले में चार विकेट लेने वाले इंग्लैंड के आदिल राशिद ने प्लेयर आॅफ द मैच से नवाजा गया। ओमान की ओर से बिलाल खान और कलीमउल्लाह ने एक-एक विकेट लिया।

Exit mobile version