Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup 2024: Scotland के खिलाफ जीत से शुरुआत करने उतरेगा England

June 4, 2024

T20 World Cup 2024: Scotland के खिलाफ जीत से शुरुआत करने उतरेगा England

बारिश के कारण तैयारियों को अंतिम रूप देने से महरूम रहा मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड मंगलवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप के अपने पहले मैच में जीत के साथ अपने अभियान की विजयी शुरुआत करने के इरादे से उतरेगा। फिल सॉल्ट इंडियन प्रीमियर लीग की शानदार फॉर्म को टी-20 विश्व कप में जारी रखना चाहेंगे जबकि तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी से इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है।

स्वदेश में पाकिस्तान के खिलाफ चार मैच की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज बारिश से प्रभावित रही लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा और तीसरी बार खिताब जीतने का प्रयास करेगा। टी-20 प्रारूप में पहली बार स्कॉटलैंड का सामना करने जा रही जोस बटलर की अगुआई वाली इंग्लैंड की टीम केनसिंगटन ओवल में होने वाले मुकाबले में जीत की मजबूत दावेदार के रूप में उतरेगी।

केनसिंगटन ओवल में रविवार को नामीबिया और ओमान के बीच मुकाबले के दौरान कुछ गेंद रुककरआ रही थी। स्कॉटलैंड के अलावा इंग्लैंड के साथ ग्रुप बी में चिर प्रतिद्वंद्वी आस्ट्रेलिया, नामीबिया और ओमान को भी जगह मिली है। सुपर आठ चरण में जगह बनाने के लिए टीमों को अपने ग्रुप में शीर्ष दो में जगह बनानी होगी। मेलबर्न में 2022 में पिछले टी-20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान पर पांच विकेट की जीत के बाद से सफेद गेंद के प्रारूप में इंग्लैंड के लिए चीजें आसान नहीं रहीं।

आस्ट्रेलिया में अपनी सफलता के एक साल बाद बटलर की अगुआई में इंग्लैंड ने भारत में वनडे विश्व कप में लचर प्रदर्शन किया। टीम नौ मैच में तीन जीत और छह हार से सातवें स्थान पर रही जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ निराशाजनक हार भी शामिल है। सफेद गेंद के क्रिकेट में इसके बाद टीम को वेस्ट इंडीज के खिलाफ 50 ओवर और 20 ओवर दोनों प्रारूप की सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।

हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ बारिश से प्रभावित सीरीज में इंग्लैंड ने 2-0 की जीत से कुछ हद तक लय हासिल की। स्कॉटलैंड के खिलाफ अभियान शुरू करने के लिए तैयार इंग्लैंड की केनसिंगटन ओवल से अच्छी यादें जुड़ी हैं। यह वही स्थान है जहां इंग्लैंड ने 2010 में पॉल कॉलिंगवुड की कप्तानी में अपना पहला टी-20 विश्व कप खिताब जीता था जिसमें उसने फाइनल में आस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराया था। उस जीत के बाद से पिछले 14 वर्षो में इंग्लैंड सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक प्रमुख ताकत बन गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें