Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup 2026 : अहमदाबाद की पिच पर होगी रन की बरसात या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल?

March 8, 2026

T20 World Cup 2026 : अहमदाबाद की पिच पर होगी रन की बरसात या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल?

खेल डेस्क। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले में मेजबान भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। फाइनल से पहले दोनों टीमों ने स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया और कप्तानों ने उस पिच को भी ध्यान से देखा जिस पर यह बड़ा मुकाबला खेला जाना है। ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें भी इस पिच पर टिकी हुई हैं कि मैच में बल्लेबाजों का दबदबा रहेगा या गेंदबाजों का जलवा देखने को मिलेगा।

सेंटर पिच पर खेला जाएगा फाइनल
फाइनल मैच के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम की सेंटर पिच को चुना गया है। यह पिच काली और लाल मिट्टी के मिश्रण से बनी हुई है। आमतौर पर इस तरह की पिचों पर बल्लेबाजों को अच्छे रन बनाने का मौका मिलता है। हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलने की संभावना रहती है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इस पिच पर अब तक केवल एक ही मुकाबला खेला गया है। यह मैच करीब चार हफ्ते पहले दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के बीच हुआ था। चूंकि इस पिच पर ज्यादा मैच नहीं खेले गए हैं, इसलिए यह काफी फ्रेश मानी जा रही है। यही वजह है कि फाइनल में एक और हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Image

अहमदाबाद में खेले गए मुकाबलों का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान अहमदाबाद में अब तक कुल 6 मैच खेले गए हैं। इनमें से 4 मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 2 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही है।

इन 6 मैचों में से 4 मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू हुए थे। ऐसे मैचों में ओस की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण रहती है। हालांकि दिलचस्प बात यह है कि इन चार मुकाबलों में से तीन बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ही मैच जीतने में सफल रही। इसलिए फाइनल में टॉस भी काफी अहम होने वाला है। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी चुनेगी या गेंदबाजी, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का रहा है दबदबा
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अब तक कुल 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का पलड़ा भारी रहा है। इन 17 मैचों में से 11 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 6 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है।

अगर इस मैदान पर पहली पारी के औसत स्कोर की बात करें तो वह लगभग 170 से 175 रन के बीच रहता है। वहीं इस मैदान पर टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा स्कोर 234 रन है, जो भारतीय टीम ने फरवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था।

अहमदाबाद में भारत का शानदार रिकॉर्ड
भारतीय टीम का रिकॉर्ड भी इस मैदान पर काफी अच्छा रहा है। भारत ने अहमदाबाद में अब तक 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इनमें से टीम इंडिया ने 7 मुकाबले जीते हैं, जबकि उसे सिर्फ 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में जब फाइनल मुकाबला इसी मैदान पर खेला जाना है, तो भारतीय टीम के आत्मविश्वास को भी इससे जरूर बढ़ावा मिलेगा। अब देखना यह होगा कि फाइनल में पिच बल्लेबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित होती है या गेंदबाज मैच का रुख बदलने में कामयाब होते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें