Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup: दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, भारत ने प्लेइंग 11 में नहीं किया कोई बदलाव

February 22, 2026

T20 World Cup: दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, भारत ने प्लेइंग 11 में नहीं किया कोई बदलाव

खेल डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारत के खिलाफ खेले जा रहे सुपर-8 राउंड के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच की मेजबानी नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम कर रहा है। साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। हालांकि, भारतीय टीम ने अपने विनिंग कॉम्बिनेशन से छेड़छाड़ नहीं की है।

टॉस जीतने के बाद एडेन मार्करम ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। हर किसी के लिए यह दमदार प्रदर्शन करके दिखाने का मौका है। हम काफी भाग्यशाली हैं कि इस मैदान पर कुछ मैच पहले से खेले हैं। हमने अपनी प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। लुंगी एनगिडी, मार्को जानसेन और केशव महाराज की वापसी हुई है।” दूसरी ओर, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार ने कहा कि अगर वह टॉस जीतते तो वो भी पहले बैटिंग करने का फैसला करते। सूर्या ने बताया है कि भारतीय टीम ने अपनी अंतिम एकादश में कोई भी बदलाव नहीं किया है।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही है। ग्रुप स्टेज में खेले गए सभी मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी। बल्लेबाजी में ईशान किशन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। ईशान ने भारत की ओर से टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन भी बनाए हैं। ईशान 4 मैचों में 202 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 176 रन बना चुके हैं।

वहीं, कप्तान सूर्यकुमार के बल्ले से भी लगातार रन निकल रहे हैं। सूर्या 4 मैचों में 162 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती इस विश्व कप में बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए हैं। वरुण 4 मैचों में अब तक 9 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। हार्दिक पांड्या ने भी बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया है। वहीं, जसप्रीत बुमराह विकेट निकालने के साथ-साथ रनों पर लगाम लगाने में सफल रहे हैं।

दूसरी तरफ, साउथ अफ्रीका ने भी ग्रुप स्टेज के सभी मुकाबले जीतकर सुपर-8 का टिकट कटाया है। टीम की ओर से कप्तान एडेन मार्करम ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। मार्करम 4 मैचों में 187 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 178 रन बना चुके हैं। वहीं, रयान रिकेल्टन ने 190 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 मुकाबलों में 145 रन बनाए हैं। प्रोटियाज टीम की तरफ से गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी का प्रदर्शन शानदार रहा है और वह भारत के लिए इस मैच में बड़ा खतरा बन सकते हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत:

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

दक्षिण अफ्रीका:

एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें