Site icon Dainik Savera Times

IND vs WI: 43 साल से ईडन पर नहीं जीता वेस्टइंडीज, क्या बदलेगा इतिहास?

Ind vs WI Match

Ind vs WI Match

खेल डेस्कः आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का आखिरी मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा। यह मैच एक तरह से क्वॉर्टर फाइनल जैसा है—जो जीतेगा, वही सेमीफाइनल में जगह बनाएगा। शनिवार देर रात श्रीलंका पाकिस्तान से हार गया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। अब तक तीन टीमें अंतिम चार में पहुंच चुकी हैं। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम, इंग्लैंड क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड। चौथी और आखिरी जगह के लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीधा मुकाबला होगा। यह अहम मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस में खेला जाएगा, जहां भारतीय फैंस की उम्मीदें टिकी हैं।

ये भी पढ़ें :-

सुपर-8 में दोनों टीमों का सफर

सुपर-8 चरण में भारत और वेस्टइंडीज दोनों ने जिम्बाब्वे को हराया, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। उसका जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबला अब औपचारिकता भर रह गया है। अब सारा दारोमदार भारत-वेस्टइंडीज मैच पर है। अगर मैच का नतीजा निकलता है, तो विजेता सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगा। अगर बारिश या किसी अन्य कारण से मैच रद्द होता है और अंक बांटे जाते हैं, तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज आगे बढ़ जाएगी। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच अब तक 30 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं।

भारत: 19 जीत

वेस्टइंडीज: 10 जीत

1 मैच बेनतीजा

पिछले 10 टी20 मुकाबलों में भारत ने 6 और वेस्टइंडीज ने 4 मैच जीते हैं। हालांकि हाल के 5 मैचों में वेस्टइंडीज ने 3 बार जीत दर्ज की है, जिससे मुकाबले की टक्कर और कड़ी हो जाती है।

ईडन गार्डंस पर भारत का रिकॉर्ड

ईडन गार्डंस भारत के लिए ऐतिहासिक और सफल मैदान रहा है।

कुल 74 अंतरराष्ट्रीय मैच: 34 जीत, 19 हार, 20 ड्रॉ, 1 बेनतीजा

टी20 अंतरराष्ट्रीय: 8 में से 7 जीत

भारत यहां टी20 में आखिरी बार 2011 में हारा था, जब इंग्लैंड ने उसे मात दी थी। इसके बाद खेले गए सभी 7 मुकाबले भारत ने जीते हैं। जनवरी 2025 में भी भारत ने इसी मैदान पर इंग्लैंड को हराया था।

ईडन पर वेस्टइंडीज के खिलाफ रिकॉर्ड

ईडन गार्डंस में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच यहां 4 टी20 मुकाबले खेले गए हैं और सभी भारत ने जीते हैं। फरवरी 2022 में हुई तीन मैचों की टी20 सीरीज भी भारत ने 3-0 से अपने नाम की थी। अगर पुराने आंकड़ों पर नजर डालें, तो वेस्टइंडीज ने इस मैदान पर आखिरी बार 1983 में भारत को हराया था। तब वह पारी और 46 रन से जीता था। पिछले चार दशकों से वेस्टइंडीज यहां भारत को किसी भी फॉर्मेट में नहीं हरा पाया है। अगर आंकड़े, रिकॉर्ड और घरेलू परिस्थितियां भारत के पक्ष में नजर आती हैं। लेकिन टी20 क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। ऐसे में सेमीफाइनल की आखिरी सीट के लिए होने वाला यह मुकाबला बेहद रोमांचक और हाई-वोल्टेज रहने वाला है।

ये भी देखें :-

Exit mobile version