खेल डेस्कः भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आज T20 World Cup के सुपर 8 चरण में आमने-सामने हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वेस्टइंडीज की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी, जबकि भारत लक्ष्य का पीछा करेगा। मुकाबला कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस में खेला जा रहा है।
बता दें सुपर 8 में भारत के ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है। भारत और वेस्टइंडीज ने अब तक एक-एक मैच जीतकर दो-दो अंक हासिल किए हैं। ऐसे में आज का मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है। जो टीम यह मैच जीतेगी, वह चार अंक के साथ सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। दोनों टीमों ने अपने पिछले मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस अहम मैच में कौन सी टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभाल पाती है।
पिच और मौसम रिपोर्ट
पिच को लेकर वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने कहा कि विकेट थोड़ा सूखा नजर आ रहा है, हालांकि इसमें हल्की हरियाली भी है। यह इस मैदान पर टूर्नामेंट का पहला शाम 7 बजे शुरू होने वाला मैच है, इसलिए पहले के औसत स्कोर के आधार पर ज्यादा अनुमान लगाना मुश्किल है। टॉस के समय तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा, जो रात बढ़ने के साथ 24 डिग्री तक गिर सकता है। नमी 46 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 69 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, लेकिन पूरे मैच में बारिश की संभावना 0 प्रतिशत है।
प्लेइंग इलेवन
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
वेस्टइंडीज: शाई होप, रोस्टन चेज, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।

