T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत धमाकेदार अंदाज़ में हो चुकी है। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में से तीसरा मैच मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में भारत और अमेरिका (USA) के बीच खेला गया, जहां टीम इंडिया ने शुरुआती लड़खड़ाहट के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 29 रनों से जीत दर्ज की।
यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी और उनका यह फैसला शुरुआत में सही साबित होता दिखा। भारतीय शीर्ष क्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा। अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, वहीं ईशान किशन 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
हालात तब और बिगड़ गए जब रिंकू सिंह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए और हार्दिक पांड्या भी 5 रन ही जोड़ सके। भारत ने 77 के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे और टीम दबाव में नजर आ रही थी।
ये भी पढ़ें : सिनेमाघरों में फिर गूंजेगा ‘सैयारा’ का जादू, वैलेंटाइन वीक में होगी ग्रैंड री-रिलीज
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी
ऐसे मुश्किल समय में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने जिम्मेदारी के साथ आक्रामक बल्लेबाज़ी करते हुए 49 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली। इस दौरान सूर्या के बल्ले से 10 चौके और 4 लंबे छक्के निकले। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत किसी तरह 161 रन तक पहुंच सका।
गेंदबाज़ों ने किया कमाल
161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम भारतीय गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं पाई। हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट बनकर एक दिन पहले ही टीम में शामिल हुए मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पावरप्ले में ही दोनों ओपनर्स को पवेलियन भेज दिया। सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 अहम विकेट झटके।
अक्षर पटेल ने भी हरफनमौला प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाज़ी में उन्होंने सूर्यकुमार यादव का अच्छा साथ निभाते हुए सातवें विकेट के लिए जरूरी साझेदारी की। फिर गेंदबाज़ी में अक्षर ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर यूएसए की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन किए।
ये भी देखें : ਆਪ ਆਗੂ ਦੇ ਕਤਲ ਮਾਮਲੇ ‘ਚ ਪੁਲਿਸ ਵਲੋਂ ਕੀਤੇ ਐਨਕਾਊਂਟਰ ਬਾਰੇ ਦੇਖੋ ਕੀ ਬੋਲੇ Deepak Bali
भारत की जीत के 3 हीरो
सूर्यकुमार यादव – संकट में कप्तानी पारी
मोहम्मद सिराज – पावरप्ले में घातक गेंदबाज़ी
अक्षर पटेल – बल्ले और गेंद दोनों से असरदार

