Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

हेटमायर ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप में लगाया सबसे तेज अर्धशतक

February 23, 2026

हेटमायर ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप में लगाया सबसे तेज अर्धशतक

खेल डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को वेस्टइंडीज की भिड़ंत जिम्बाब्वे के साथ हो रही है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला वानखेड़े के मैदान पर खेला जा रहा है। कैरेबियाई बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर ने टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

ब्रेंडन किंग के सस्ते में आउट होने के बाद मैदान पर उतरे हेटमायर ने शुरुआत से ही दमदार शॉट्स लगाए। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की तरफ से सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी अब हेटमायर के नाम दर्ज हो गया है।

हेटमायर ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला है। इसी विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलते हुए हेटमायर ने 22 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। हेटमायर की तूफानी बल्लेबाजी के आगे जिम्बाब्वे का गेंदबाजी अटैक बेबस नजर आया। टूर्नामेंट में कैरेबियाई बल्लेबाज अब तक कमाल की फॉर्म में नजर आया है। इससे पहले खेले 4 मुकाबलों में वह 159 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 145 रन जड़ चुके हैं।

हालांकि, टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रेंडन किंग बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 12 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान शाई होप भी 12 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद ब्रैड इवांस का शिकार बने।

वेस्टइंडीज ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। रोस्टन चेज को बाहर करते हुए उनकी जगह पर रोमारियो शेफर्ड को टीम में शामिल किया गया है। शेफर्ड बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देने के लिए जाने जाते हैं। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम भी एक बदलाव के साथ उतरी है। मसाकाद्जा के स्थान पर रिचर्ड नगारवा को टीम में शामिल किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें