Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup : होप ने की धमाकेदार पारी, वेस्टइंडीज की अमेरिका पर बड़ी जीत, जानिए कैसा रहा मुकाबला

June 22, 2024

T20 World Cup : होप ने की धमाकेदार पारी, वेस्टइंडीज की अमेरिका पर बड़ी जीत, जानिए कैसा रहा मुकाबला

ब्रिजटाउन : रोस्टन चेज और आंद्रे रसेल की शानदार गेंदबाजी के बाद सलामी बल्लेबाज शाई होप की धमाकेदार पारी की मदद से वेस्टइंडीज अपने सह मेजबान अमेरिका को 55 गेंद शेष रहते हुए 9 विकेट से हराकर टी20 विश्व कप में अपनी उम्मीदों को पंख लगाए। सुपर 8 के ग्रुप 2 के अपने पहले मैच में इंग्लैंड से हारने वाले वेस्टइंडीज के लिए इस मैच में सब कुछ सकारात्मक रहा। उसने पहले टॉस जीता और फिर अमेरिका की पूरी टीम को 19.5 ओवर में 128 रन पर आउट कर दिया। वेस्टइंडीज ने इसके बाद होप की 39 गेंद पर खेली गई नाबाद 82 रन की परी की मदद से केवल 10.5 ओवर में एक विकेट पर 130 रन बनाकर अपने नेट रन रेट में बहुत सुधार किया।

होप ने अपनी पारी में चार चौके और आठ छक्के लगाए। वेस्टइंडीज को अब सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए दक्षिण अफ्रीका कोह राना होगा। इंग्लैंड अगर अपने अगले मैच में अमेरिका को हरा देता है तब भी वेस्टइंडीज आगे बढ़ सकता है क्योंकि अभी उसका नेट रन रेट दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से बेहतर है। जॉनसन चार्ल्स 14 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन होप और निकोलस पूरन ने दूसरे विकेट के लिए केवल 23 गेंद पर 63 रन जोड़कर टीम को बड़ी जीत दिलाई। पूरन ने 12 गेंद पर नाबाद 27 रन बनाए जिसमें तीन छक्के और एक चौका शामिल है। वह इस टूर्नामेंट में अभी तक 17 छक्के लगा चुके हैं जो किसी एक टी20 विश्व कप में नया रिकॉर्ड है।

पूरन ने वेस्टइंडीज के अपने पूर्व साथी क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2012 में 16 छक्के लगाए थे। होप ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया और चार्ल्स के साथ पहले विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। उन्होंने छक्के लगाने के अपने कौशल का खुलकर प्रदर्शन किया तथा अपनी पारी के दौरान मिंलिद कुमार पर लगातार तीन छक्के भी लगाए। होप ने विजयी छक्का लगाकर वेस्टइंडीज को लक्ष्य तक पहुंचाया। इससे पहले अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद स्टीवन टेलर (02) का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन इसके बाद एंड्रियास गौस (29) और नीतीश कुमार (20) ने दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को शुरुआती झटके से उबारा।

चेज (19 रन देकर तीन विकेट) ने बीच के ओवरों में शानदार गेंदबाजी करते हुए अमेरिका की पारी लड़खड़ा दी जिसने 37 रन के अंदर पांच विकेट गंवाए। चेज ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया। रसेल ने 31 रन देकर तीन विकेट लिए और उन्होंने टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज की तरफ से सर्वाधिक विकेट (27) लेने के ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी की। अमेरिका के लिए मिंलिद कुमार (19) और शैडली वान शाल्कविक (18) ने कुछ देर तक संघर्ष किया जबकि अली खान (नाबाद 14) ने आखिर में एक चौका और छक्का लगाया लेकिन वह वेस्टइंडीज को बड़ा लक्ष्य नहीं दे पाए। वेस्टइंडीज की तरफ से चेज और रसेल के अलावा अलजारी जोसेफ ने 31 रन देकर दो और गुडाकेश मोती ने 14 रन देकर एक विकेट लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें