स्पोर्ट्स डेस्क: ICC Men’s T20 World Cup 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला अब मौसम की वजह से चर्चा में है। 15 फरवरी (रविवार) को यह हाईवोल्टेज मैच आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन बारिश के कारण मैच पर खतरा मंडरा रहा है।
श्रीलंका के मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक लो-प्रेशर सिस्टम बन रहा है, जिसका असर कोलंबो के मौसम पर पड़ सकता है। रविवार सुबह मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर के बाद हालात बदल सकते हैं। पूर्वानुमान के मुताबिक दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक के साथ 50 से 70 प्रतिशत तक बारिश होने की आशंका है। मैच शाम 7 बजे शुरू होना है, लेकिन उससे पहले तेज बारिश हुई तो टॉस में देरी या ओवर घटाने जैसी स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 15 फरवरी के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और क्रिकेट प्रशंसकों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसी स्थिति में भारत और पाकिस्तान के तीन मैचों में पांच-पांच अंक हो जाएंगे और दोनों टीमें ग्रुप-ए से सुपर-8 चरण में पहुंच जाएंगी। फिलहाल भारत अंकतालिका में पहले स्थान पर है, पाकिस्तान दूसरे और संयुक्त राज्य अमेरिका तीसरे स्थान पर है।
मैच धुलने की स्थिति में संयुक्त राज्य अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड्स के लिए आगे का रास्ता बंद हो जाएगा। अमेरिका और नीदरलैंड्स के तीन मैचों में दो-दो अंक हैं। अगर वे अपना आखिरी मैच जीत भी लें, तो अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच पाएंगे, जो भारत और पाकिस्तान से कम होंगे। वहीं नामीबिया अपने दोनों मुकाबले हार चुका है और उसके खाते में कोई अंक नहीं है। हालांकि अगर भारत-पाकिस्तान मैच का नतीजा निकलता है, तो जीतने वाली टीम सीधे सुपर-8 में पहुंच जाएगी। हारने वाली टीम चार अंकों पर पहुंचकर अमेरिका और नीदरलैंड्स के बराबर हो जाएगी, जिससे क्वालिफिकेशन की जंग आखिरी मैचों तक जा सकती है।
गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में ग्रुप और सुपर-8 मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है। रिजर्व डे केवल सेमीफाइनल और फाइनल के लिए तय किया गया है। ऐसे में अगर मैच बारिश की भेंट चढ़ता है, तो उसका सीधा असर अंकतालिका और आगे की स्थिति पर पड़ेगा।
Video: ट्राल पीरजादा मेहराज: मुश्किलों के बावजूद उमर सरकार अच्छा काम कर रही है
मेष: दिन शुभ रहेगा...