Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup: Marcus Stoinis का हरफनमौला प्रदर्शन, ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 39 रनों से हराया,जानिए कैसा रहा मुकाबला

June 6, 2024

T20 World Cup: Marcus Stoinis का हरफनमौला प्रदर्शन, ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 39 रनों से हराया,जानिए कैसा रहा मुकाबला

ब्रिजटाउन : डेविड वॉर्नर (56), मार्कस स्टॉयनिस नाबाद (67) और उसके बाद 19 रन पर तीन विकेट के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 विश्वकप के दसवें मुकाबले में ओमान को 39 रनों से हरा दिया है।165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की शुरुआत बेहद खराब रही। एक समय उसने 57 के स्कोर तक अपने छह विकेट गवां दिए थे और ऐसा लग रहा था कि ओमान की टीम जल्द ही सिमट जाएगी। ऐसे समय में अयान खान और मेहरान ओमान ने पारी को संभालने का प्रयास किया। अयान खान ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। इसके बाद मेहरान खान ने 27 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खोली।

कप्तान आकिब इल्यास (18) और शकील अहमद (11) रन बनाकर आउट हुए। टीम के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। ओमान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट 125 रन बना सकी और 39 रनों से मुकाबला हार गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने तीन ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट लिए। मिचेल स्टार्क, नेथन एलिस और ऐडम जम्पा ने दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया। इससे पहले बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में ओमान ने बुधवार को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में ट्रैविस हेड (12) का विकेट गवां दिया। ट्रेविस को बिलाल खान ने खालिद केल के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद नौवें ओवर में कप्तान मिचेल मार्श (14) भी आउट होकर पवेलियन लौट गए। अगली ही गेंद पर मेहराब खान ने अपना दूसरा विकेट झटकते हुए ग्लेन मैक्सवेल (शून्य) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। ऐसे संकट के समय में मार्कस स्टॉयनिस ने वॉर्नर के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिये 102 रनों की साझेदारी हुई। डेविड वॉर्नर 56 रन बनाकर आउट हुए।

आज की पारी के साथ ही डेविड वॉर्नर ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में 3155 रन के साथ सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऐरन फिच के 3120 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा। वहीं मार्कस स्टॉयनिस ने 36 गेंदों में दो चौके और छह छक्के लगाते हुए नाबाद 67 रनों की पारी खेली। 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर टिम डेविड (9) रनआउट हुए। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 164 रनों का स्कोर खड़ा किया। ओमान की ओर से मेहरान खान ने दो विकेट लिए। बिलाल खान और कलीमउल्लाह ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें