Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup : गत चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में जीत की लय कायम रखने उतरेगा वेस्टइंडीज

June 19, 2024

T20 World Cup : गत चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में जीत की लय कायम रखने उतरेगा वेस्टइंडीज

ग्रोस आइलेट : शानदार फॉर्म में चल रही वेस्टइंडीज टीम टी20 विश्व कप सुपर आठ चरण के पहले मुकाबले में गत चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ जीत की लय कायम रखने उतरेगी। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दोनों दो बार टी20 विश्व कप जीत चुके हैं। वेस्टइंडीज टीम टूर्नामेंट में अभी तक अपराजेय है जबकि इंग्लैंड को खिताब की उम्मीदें बरकरार रखने के लिये ग्रुप चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी आस्ट्रेलिया की मदद की जरूरत पड़ी। ग्रुप चरण में आस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद जोस बटलर और उनकी टीम के पास नये सिरे से शुरूआत करने का मौका है।

दूसरी ओर लगातार आठ मैच जीत चुकी वेस्टइंडीज टीम ने डेरेन सैमी राष्ट्रीय स्टेडियम पर आखिरी ग्रुप मैच में अफगानिस्तान को 104 रन से हराया। एक बार फिर टीम अपने मुख्य कोच और दो बार के टी20 विश्व कप विजेता कप्तान के नाम पर बने स्टेडियम में उस लय को दोहराना चाहेगी। कप्तान रोवमैन पॉवेल ने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा,‘‘ अफगानिस्तान को हराकर इंग्लैंड को कोई संदेश नहीं देना था। उन्हें बस इतना बताना था कि वह अच्छा खेल रहे हें तो हम भी कुछ कम नहीं हैं । यह शानदार मैच होगा। वेस्टइंडीज की टीम ने एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है।

जरूरत प़ड़ने पर उसके बल्लेबाज चले हैं , फिर चाहे शेन रदरफोर्ड हो या निकोलस पूरन। इसी तरह गेंदबाजों ने भी अपना काम बखूबी किया है। सपाट पिचें और छोटी सीमारेखा होने से मैदान बल्लेबाजों की ऐशगाह साबित हुए हैं और यहां खूब रन बने हैं । इंग्लैंड के दमदार बल्लेबाजी क्रम के सामने वेस्टइंडीज का भरोसा अकील हुसैन और गुडाकेश मोती जैसे स्पिनरों पर होगा। पिच भले ही बल्लेबाजों की मददगार हो लेकिन तेज गेंदबाजों को भी अतिरिक्त उछाल मिलेगा और ऐसे में मध्यम तेज गेंदबाज ओबेद मैकॉय की भूमिका अहम होगी। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड भी इसका फायदा उठाना चाहेंगे ।

टीमें :
इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जोनाथन बेयरस्टो, हैरी ब्रुक, सैम कुरेन, बेन डकेट, टॉम हार्टले, विल जैक्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम लिंविगस्टोन, आदिल राशिद, फिल साल्ट, रीस टॉपले, मार्क वुड।

वेस्टइंडीज: रोवमैन पॉवेल (कप्तान), अल्जारी जोसेफ, जॉनसन चार्ल्स, रोस्टन चेज, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, शाई होप, अकील होसेन, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, गुडाकेश मोटी, निकोलस पूरन, आंद्रे रसेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड।

मैच का समय : सुबह छह बजे से ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें