नई दिल्ली: एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर चयन समिति ने टूर्नामेंट के लिए इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम चुनी है। इस टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। वहीं, टीम की कमान तिलक वर्मा को सौंपी गई है, जबकि रजत पाटीदार उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में होगा। भारतीय टीम को ग्रुप-B में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई से होगा। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी।
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह को मौका
भारतीय टीम में युवा खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके कई खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। वैभव सूर्यवंशी के अलावा अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह को भी टीम में जगह मिली है। विकेटकीपर के तौर पर प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को चुना गया है। वहीं, गेंदबाजी और ऑलराउंडर विभाग में भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।
इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम इस प्रकार है, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान।
🚨 News 🚨
India A squad for upcoming ACC Rising Stars Asia Cup announced 📝
More details ▶️ https://t.co/JRdPQ31UPA
#RisingStarsAsiaCup https://t.co/4k2vJAE4kh
— BCCI (@BCCI) November 2, 2026
कब होगा पाकिस्तान-ए से होगा मुकाबला
राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में कुल आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-A में बांग्लादेश-ए, श्रीलंका-ए, अफगानिस्तान-ए और हांगकांग चीन की टीमें शामिल हैं। वहीं, ग्रुप-B में भारत-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई को जगह मिली है। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, दोनों ग्रुप की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 29 नवंबर को फाइनल मुकाबला होगा।
ऐसा रहेगा टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी। इसके बाद 22 नवंबर को भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में भारत का आखिरी मैच 24 नवंबर को यूएई से होगा। भारत के तीनों लीग मुकाबले दोहा में खेले जाएंगे।
20 नवंबर: भारत-ए vs नेपाल
22 नवंबर: भारत-ए vs पाकिस्तान-ए
24 नवंबर: भारत-ए vs यूएई
नेपाल और पाकिस्तान-ए के खिलाफ मुकाबले वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में होंगे। वहीं, यूएई के खिलाफ मैच यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में खेला जाएगा।
29 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल
टूर्नामेंट में सभी टीमों की नजरें खिताब जीतने पर रहेंगी। ग्रुप मुकाबलों के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। पहला सेमीफाइनल 26 नवंबर और दूसरा 27 नवंबर को होगा। इसके बाद 29 नवंबर को फाइनल मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा। भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी को मौका मिलने से क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें उनके प्रदर्शन पर रहेंगी। वहीं, तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया-ए की टीम पाकिस्तान-ए समेत अपने सभी ग्रुप मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।

