Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस खिलाड़ी की फिटनेस ने बढ़ाई टीम इंडिया की उम्मीदें, T20I में होगी वापसी

December 8, 2025

इस खिलाड़ी की फिटनेस ने बढ़ाई टीम इंडिया की उम्मीदें, T20I में होगी वापसी

Vice-captain Shubman Gill: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहां टीम इंडिया ने 2-1 से जीत दर्ज की। अब फैंस की निगाहें आगामी टी20I सीरीज पर टिकी हैं। इसी बीच भारतीय टीम के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है उपकप्तान शुभमन गिल चोट से उबरकर टीम से जुड़ चुके हैं और सीरीज में खेलने के लिए पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं।

मेडिकल टीम और BCCI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मिली हरी झंडी

गौरतलब है कि बीसीसीआई ने टी20 स्क्वाड की घोषणा करते समय स्पष्ट किया था कि गिल की उपलब्धता उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। मेडिकल टीम और BCCI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद गिल को हरी झंडी मिल गई है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गिल ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वह आत्मविश्वास के साथ भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं। टीम के अधिकांश खिलाड़ी पहले ही शहर में मौजूद हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी विशाखापट्टनम से चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए रविवार सुबह पहुंचे थे। चूंकि गिल वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे, इसलिए उनका आगमन थोड़ा देर से हुआ।

SA के खिलाफ टेस्ट में चोटिल हुए थे गिल

गिल ने यह चोट साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान झेली थी, जब उन्हें गर्दन में अचानक अकड़न महसूस हुई थी। असहजता बढ़ने पर उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा और बाद में अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इस चोट के कारण वह दूसरा टेस्ट और पूरी वनडे सीरीज मिस कर गए। इस दौरान वनडे टीम की कमान केएल राहुल ने संभाली। चोट से उबरने के बाद गिल ने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कुछ दिनों तक रिहैब और ट्रेनिंग की। मेडिकल टीम की निगरानी में उन्होंने पहले बल्लेबाजी और फिर फील्डिंग की प्रैक्टिस की, जिसके बाद उन्हें खेलने की अनुमति मिली।

शुभमन गिल भारत के लिए पहले ही T20I में मजबूत प्रदर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2023 में डेब्यू करने के बाद उन्होंने अब तक 33 मैचों में 837 रन जुटाए हैं। इस दौरान एक शतक और तीन अर्धशतक उनके नाम रहे हैं। फिलहाल वह टेस्ट और वनडे टीम के नियमित कप्तान हैं, जबकि टी20 प्रारूप में वह उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें