कोलंबो : श्रीलंका और भारत के बीच अगस्त महीने में 2 मैचों की टैस्ट सीरीज खेली जाएगी। टैस्ट मैच की तारीख अभी तय नहीं हुई हैं। यह सीरीज मौजूदा आईसीसी वर्ल्ड टैस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) चरण का हिस्सा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के सूत्रों ने बताया कि मैच 15 से 27 अगस्त के बीच खेले जाएंगे। श्रीलंका क्रिकेट ने मैचों के लिए 2 सप्ताह का कार्यक्रम तय किया है। भारत के श्रीलंका दौरे पर टी-20 सीरीज को लेकर असमंजस बना हुआ है।
अभी तक इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है। 2 टैस्ट लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के बाद होंगे, जो 9 अगस्त को खत्म होगी और तय कार्यक्रम की जानकारी सीरीज से जुड़े सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ साझा कर दी गई है, जिसमें भारतीय टीम भी शामिल है। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के प्रतिनिधि के तौर पर श्रीलंका गए हैं ताकि श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की स्थिति का जायजा ले सकें।

