Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Hyderabad में ‘विजयदशमी’ का तोहफा देने मैदान में उतरेगी टीम इंडिया, इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

October 12, 2024

Hyderabad में ‘विजयदशमी’ का तोहफा देने मैदान में उतरेगी टीम इंडिया, इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका

नई दिल्ली : भारत और बांग्लादेश के बीच हैदराबाद में टी-20 सीरीज का आखिरी (तीसरा) मैच खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम इंडिया तीसरे टी20 मैच में बांग्लादेश के खिलाफ जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। सीरीज में अब तक खेले गए दो टी-20 मैचों में भारत ने बांग्लादेश पर आसान जीत हासिल की है। खेले गए दो टी-20 मैचों में टीम इंडिया की बल्लेबाजी व गेंदबाजी के आगे बांग्लादेशी खिलाड़ी सरेंडर नजर आए हैं। हालांकि, बांग्लादेश टीम तीसरे टी-20 मैच में अच्छा प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। माना जा रहा है कि बांग्लादेश कुछ खिलाड़ियों को मौका भी दे सकती है।

अगर हैदराबाद में भारत अगर बांग्लादेश पर जीत हासिल कर लेती है तो यह कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की जोड़ी के साथ दूसरी ऐसी सीरीज होगी जिसमें टीम इंडिया क्लीन स्वीप करेगी। सूर्या और गंभीर की जोड़ी ने इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप किया था। भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में तीन टी-20 मैच खेले और तीनों मैच में श्रीलंका पर जीत हासिल की थी।

बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए दो टी-20 मैच में भारत की गेंदबाजी व बल्लेबाजी शानदार रही है। भारत ने पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल की थी। बांग्लादेश ने 19.5 ओवर में 127 रन बनाए। वहीं, स्कोर का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 11.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच में अर्शदीप सिंह ने 3.5 ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिए थे।

दूसरे टी-20 मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 221 रन बनाए थे। नीतीश रेड्डी ने 34 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली थी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 135 रन ही बना पाई थी। टीम इंडिया ने 86 रनों से इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया था। भारत और बांग्लादेश के बीच तीसरा टी20 मैच सीरीज का परिणाम तय करने के लिहाज से एक डेड रबर मुकाबला है। दोनों ही टीमें अपनी प्लेइंग 11 में प्रयोग करने के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसे में बांग्लादेश क्रिकेट टीम मेहदी हसन को प्लेइंग 11 में जगह दे सकती है। उनको मैच से पहले अधिक ट्रेनिंग करते हुए देखा गया है।

इसके अलावा भारतीय टीम संजू सैमसन को एक और मौका देने के मूड में है। तेज गेंदबाज हर्षति राणा भी डेब्यू करने की कतार में खड़े हैं। भारत ने शुरुआत दो मैचों के लिए वरुण चक्रवर्ती को खिलाया था। ऐसे में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को अंतिम मैच में मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा तिलक वर्मा और जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ियों के लिए यह एक अच्छा मौका साबित हो सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें