Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

ICC से बातचीत में BCB अड़ा, मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग दोहराई

January 18, 2026

ICC से बातचीत में BCB अड़ा, मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग दोहराई

नई दिल्ली: बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने 2026 पुरुष टी-20 विश्व कप में बंगलादेश के मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित करने की अपनी मांग को एक बार फिर दोहराया है। शनिवार को ढाका में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के प्रतिनिधियों के साथ हुई ताजा दौर की बातचीत में बीसीबी ने यह रुख स्पष्ट किया। बीसीबी ने कहा, ‘बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड ने आज आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 में बंगलादेश की भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर आईसीसी प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

चर्चा के दौरान बीसीबी ने औपचारिक रूप से बंगलादेश के मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित करने का अनुरोध दोहराया। बोर्ड ने टीम, बांग्लादेशी प्रशंसकों, मीडिया और अन्य हितधारकों की सुरक्षा को लेकर बंगलादेश सरकार के विचार और चिंताएं भी साझा कीं।’ बीसीबी ने बताया कि बंगलादेश को किसी अन्य समूह में रखने की संभावना पर भी चर्चा हुई। बीसीबी के बयान में कहा गया, ‘चर्चाएं रचनात्मक, सौहार्दपूर्ण और पेशेवर माहौल में हुईं। सभी पक्षों ने संबंधित मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श किया।

अन्य बिंदुओं के साथ, न्यूनतम लॉजिस्टिक बदलावों के जरिए समाधान निकालने के उद्देश्य से बंगलादेश को किसी अन्य समूह में स्थानांतरित करने की संभावना पर भी चर्चा की गई।’ बीसीबी की ओर से बैठक में अध्यक्ष एमडी अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष एमडी शकावत हुसैन और फारूक अहमद, क्रिकेट संचालन समिति के अध्यक्ष नजमुल आबेदीन तथा मुख्य कार्यकारी निजामुद्दीन चौधरी शामिल हुए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें