Site icon Dainik Savera Times

सात साल बाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली चार में से दो टीमों के कप्तान विदेशी

आईपीएल 2024 धीरे-धीरे अपने अंजाम तक पहुंचने जा रहा है। प्लेऑफ में फाइनल समेत चार मुकाबले खेले जाएंगे। चार टीमें तय हो चुकी हैं, लेकिन पहले और चौथे स्थान को छोड़कर दूसरा और तीसरा स्थान तय नहीं हो सका है। दूसरे और तीसरे स्थान के लिए सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स में टक्कर है। पहले स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम और चौथे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें हैं। यानी क्वालिफायर-एक में कोलकाता का सामना दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा। इसके बाद बुधवार को एलिमिनेटर में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम आरसीबी से भिड़ेगी।

सात साल बाद आईपीएल में ऐसा हुआ है जब प्लेऑफ या यूं कहें अंतिम-चार में पहुंचने वाली चार में से दो टीमों के कप्तान भारतीय और दो विदेशी हैं। इससे पहले ऐसा सिर्फ एक बार 2017 में हुआ था। इसके अलावा एक और दिलचस्प बात यह है कि पिछले सीजन प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली चार टीमों में से कोई भी टीम इस साल अंतिम-चार में जगह नहीं बना सकी। पिछले साल गुजरात, चेन्नई, लखनऊ और मुंबई ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया था।

Exit mobile version