Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज लॉर्ड्स टैस्ट में नई शुरुआत के इरादे से उतरेगी भारतीय महिला टीम

July 10, 2026

आज लॉर्ड्स टैस्ट में नई शुरुआत के इरादे से उतरेगी भारतीय महिला टीम

लंदन: टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला टीम शुक्रवार से लॉर्ड्स में पहले महिला टेस्ट में इंगलैंड का सामना करेगी। टीम का लक्ष्य विश्व कप की नाकामी को पीछे छोड़ते हुए नई शुरुआत करना होगा। टी20 विश्व कप से जल्दी बाहर होने के कारण भारत को टेस्ट मैच की तैयारी के लिए अधिक समय मिला। ‘क्रिकेट का घर’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स में यह पहला महिला टेस्ट होगा, जबकि यहां पहला पुरुष टेस्ट 142 साल पहले खेला गया था। भारतीय टीम इससे पहले मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट खेल चुकी है और फिलहाल वॉर्मस्ले क्रिकेट ग्राउंड पर अभ्यास कर रही है।

मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि लॉर्ड्स पर पहला टेस्ट खेलना पूरे दल के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी भारतीय क्रिकेटर के लिए टेस्ट खेलना सपना होता है और लॉर्ड्स में सफेद जर्सी पहनना बेहद खास अनुभव होगा। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। चोटिल प्रतिका रावल की जगह प्रिया पुनिया को टीम में शामिल किया गया है। भारत ने इंगलैंड के खिलाफ पिछले चार टेस्ट में से तीन जीते हैं और इंगलैंड की धरती पर अब तक कोई टेस्ट नहीं हारा है।

भारत की ओर से हरलीन देओल, स्पिनर श्री चरणी और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को टेस्ट पदार्पण का मौका मिल सकता है। वहीं, इंगलैंड की टीम में एलिस कैप्सी, टिली कोर्टीन-कोलमैन, मैडी विलियर्स, ग्रेस पोट्स और एली थ्रेलकेल सहित पांच नए खिलाड़ी शामिल हैं। सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट इस टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेंगी। खेल के तीनों प्रारूपों में शतक लगाने वाली ब्यूमोंट ने 2023 महिला एशेज में ट्रेंट ब्रिज पर दोहरा शतक भी जड़ा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें