Site icon Dainik Savera Times

India vs Pakistan: टी-20 विश्व कप का सबसे चर्चित मुकाबला, आमने-सामने होंगे भारत-पाक

कोलंबो: क्रिकेट में सियासत के घालमेल के कारण पैदा हुआ गतिरोध अस्थायी तौर पर दूर होने के बाद टी-20 विश्व कप के सबसे चर्चित मुकाबले में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी आमने सामने होंगे तो भारत के मध्यक्रम के सामने पाकिस्तान के स्पिनरों की चुनौती होगी। दोनों टीमों के क्रिकेटरों ने इसे आम मैच बताकर हाइप कम करने की पूरी कोशिश की, लेकिन दोनों टीमों की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता और खासकर इस मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए यह तो तय है कि अब कोई इसे हारना नहीं चाहेगा।

भारत के सामने समस्या अभिषेक शर्मा को लेकर है जो पेट के संक्रमण के कारण 2 दिन अस्पताल में रहे। उनके नहीं खेलने पर या तो संजू सैमसन को ही उतारा जाए या ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत के लिए वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया जाए जो फिट हो गए हैं। सुंदर प्रेमदासा स्टेडियम की धीमी पिच पर अच्छी ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं। पिच को देखते हुए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी उतारा जा सकता है।

ऐसे में रिंकू सिंह को बाहर रहना पड़ सकता है। बाबर आजम के खिलाफ कुलदीप के शानदार रिकॉर्ड और एशिया कप फाइनल में उनके 4 विकेट को देखते हुए उन्हें इस मैच में मौका देना अच्छा विकल्प होगा। पिच धीमे गेंदबाजों की मददगार है और पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक, सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे स्पिनर हैं। तारिक का गेंदबाजी एक्शन पहले ही चर्चा का विषय बन चुका है और भारतीय बल्लेबाजों से उनकी टक्कर रोचक रहेगी।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी साहिबजादा फरहान पर निर्भर होगी जबकि अयूब और हरफनमौला फहीम अशरफ उनका साथ देंगे। पाकिस्तान का सामना अभी तक बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण से नहीं हुआ है जो भारत के पास है। जसप्रीत बुमराह से लेकर वरुण चक्रवर्ती तक भारत के पास मैच विनर हैं और हरफनमौला शिवम दुबे की गेंदबाजी भी बेहतर हुई है।

Exit mobile version