Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

ईडन पर पहुंचा विश्व कप का कारवां, बांग्लादेश के सामने डच चुनौती

October 27, 2023

ईडन पर पहुंचा विश्व कप का कारवां, बांग्लादेश के सामने डच चुनौती

कोलकाता: विश्व कप का कारवां अब ईडन गार्डंस पहुंच गया है जहां शनिवार को नीदरलैंड और बांग्लादेश सेमीफाइनल में पहुंचने की थोड़ी बहुत उम्मीदें बनाये रखने के लिये एक दूसरे के आमने सामने होंगे । खेलों को लेकर दीवानगी के लिये मशहूर शहर दुर्गापूजा के बाद अब क्रिकेट का उत्सव मनाने के लिये तैयार है । विश्व कप शुरू हुए 23 दिन और 27 मैच हो चुके हैं लेकिन ईडन पर यह पहला मुकाबला है । विश्व कप को लेकर यहां रोमांच हालांकि नजर नहीं आ रहा । इस मैदान पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के मैच के अलावा दूसरा सेमीफाइनल भी होना है ।

बांग्लादेश और नीदरलैंड ने अब तक चार में से एक ही मैच में जीत दर्ज की है । बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को हराकर शानदार शुरूआत की थी लेकिन इसे बदकिस्मती कहें या रणनीति का अभाव, बाकी के मैचों में उसने लय खो दी । पूर्व चैम्पियन इंग्लैंड, पिछले उपविजेता न्यूजीलैंड और मेजबान भारत के खिलाफ पिछले तीन मैचों में बांग्लादेश पूरी तरह नाकाम रहा । उसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने शाकिब अल हसन की टीम को करारी शिकस्त दी । टीम का मनोबल इस कदर गिर गया कि शाकिब को टूर्नामेंट के बीच में अपने बचपन के कोच नजमुल फहीम के साथ मिलकर कुछ तकनीकी मसले सुलझाने के लिये स्वदेश लौटना पड़ा । अब देखना यह है कि आईपीएल में अपने घरेलू मैदान पर शाकिब की तकदीर पलटती है या नहीं । विश्व कप में चार पारियों में वह 56 रन ही बना सके हैं जबकि छह विकेट लिये हैं ।

बांग्लादेश को तीसरे नंबर के बल्लेबाज नजमुल हुसैन शांटो ने भी निराश किया है जो पिछले चार मैचों में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके । एशिया कप में कामयाब रहे तौहीद ह्र्दय ने तीन पारियों में सिर्फ 68 रन बनाये हैं । सीनियर बल्लेबाज महमूदुल्लाह ने 111 रन की पारी खेली जिनकी चयनकर्ताओं ने पहले अनदेखी की थी । लिटन दास ने दो अर्धशतक जमाये हैं । गेंदबाजी में तसकीन अहमद, शरीफुल इस्लाम, हसन महमूद और मुस्ताफिजूर रहमान के चौतरफा तेज आक्रमण को एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करना होगा । वहीं धर्मशाला में दक्षिण अफ्रीका को हराने वाली डच टीम के लिये इसके अलावा कुछ भी सकारात्मक नहीं रहा है । पिछले दो मैचों में उसे श्रीलंका और आस्ट्रेलिया ने हराया । आस्ट्रेलिया के खिलाफ तो पूरी टीम 90 रन पर आउट हो गई और विश्व कप की सबसे बड़ी हार का सामना किया ।

टीमें :
नीदरलैंड: स्कॉट एडवर्डस (कप्तान), मैक्स ओडोड, बास डी लीडे, विक्रम सिंह , तेजा निदामानुरू, पॉल वैन मीकेरेन, कॉलिन एकरमैन, रोलोफ वान डेर मर्व, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, रेयान क्लेन, वेस्ली बारेसी, साकिब जुल्फिकार , शारिज अहमद और साइब्रांड एंजेलब्रेक्टबांग्लादेश: शाकिब अल हसन (कप्तान), लिटन दास, तंजीद हसन तमीम, नजमुल हसन शंटो, तौहीद हृदय, मुशफिकुर रहीम, महमूदुल्लाह रियाद, मेहदी हसन मिराज, नासुम अहमद, महेदी हसन, तास्किन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद, शरीफुल इस्लाम और तंजीम हसन साकिब। मैच का समय : दोपहर दो बजे से ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें