Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

इस महीने के सर्वश्रेष्ठ ICC खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए ये दाे क्रिकेटर हुए नामित

February 7, 2023

इस महीने के सर्वश्रेष्ठ ICC खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए ये दाे क्रिकेटर हुए नामित

दुबईः भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को मंगलवार को आईसीसी महीने के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर के पुरस्कार के लिए नामांकन मिला है। न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे पुरस्कार की दौड़ में तीसरे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अभी तक इस साल में विभिन्न प्रारूपों में तीन शतक और दो अर्धशतक लगा दिए हैं। गिल ने पिछले महीने सफेद गेंद के दोनों प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन किया जबकि सिराज ने जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में नयी गेंद के साथ वनडे में बेहतरीन गेंदबाजी की है।

गिल ने मुंबई में श्रीलंका के खिलाफ पहला टी20 खेला जिसमें सात रन ही बना सके लेकिन तीसरे मैच में 46 रन बनाए। इसके बाद तीन वनडे में 70, 21 और 116 रन बनाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में पहले वनडे में उन्होंने 149 गेंद में 208 रन की पारी खेली जबकि दूसरे छोर से कोई बल्लेबाज 28 के पार नहीं जा सका था। वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए। इसके बाद अगली दो पारियों में नाबाद 40 और 112 रन बनाए। उन्होंने तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में सर्वाधिक स्कोर के पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए 360 रन बनाए।

दूसरी ओर सिराज ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में सात ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए हैं। इसके बाद अगले दो मैचों में क्रमश: तीन और चार विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में उन्होंने चार विकेट लिए और दूसरे मैच में छह ओवर में महज दस रन देकर एक विकेट लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें