Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

तीसरा टी20: वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से दी मात, सीरीज 2-1 से जीती

March 29, 2023

तीसरा टी20: वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से दी मात, सीरीज 2-1 से जीती

जोहान्सबर्ग: अल्जारी जोसेफ की शानदार गेंदबाजी के चलते वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को यहां वांडरर्स स्टेडियम में निर्णायक तीसरे और अंतिम टी-20 मैच में सात रन से हरा दिया। जोसेफ ने चार ओवर में 40 रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं, शानदार आंकड़े को देखते हुए जोसेफ को ‘मैन आफ द मैच’ का खिताब दिया गया।वेस्टइंडीज ने पहली पारी खेलते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 221 रनों का लक्ष्य दिया।

221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। पहले विकेट के लिए मात्र 32 रन की साझेदारी हुई, जिसमें क्विंटन डीकॉक 21 रन बनाकर जोसेफ की गेंद पर कैच थमा बैठे। उनके बाद रिले रोसौव ने रिजा हेंड्रिक्स के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई।

रोसौव अपने अर्धशतक से चूक गए और 42 रन बनाकर गेंदबाज होल्डर के ओवर में चार्ल्स को कैच थमा बैठे। उनके बाद धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर क्रीज पर आए। लेकिन वह ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिके और 11 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। उनके बाद हेंड्रिक्स भी जोसेफ की गेंद पर कैच थमा बैठे। हालांकि, उन्होंने इस दौरान शानदार पारी खेली और 83 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल हैं।

गेंदबाज जोसेफ ने पांच विकेट झटके, जिसमें हेनरिक क्लासेन और वायने पार्नेल का विकेट शामिल है। वहीं, कप्तान एडन मार्करम 35 रन बनाकर नाबाद रहे।शुरूआती दौर में ऐसा लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका यह मैच आराम से जीत लेगी, लेकिन विंडीज के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन दिखाते हुए अफ्रीका को 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 213 रन पर रोक दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें