Site icon Dainik Savera Times

एरिगैसी पर रोमांचक जीत से प्रज्ञननंदा विश्वकप के सेमीफाइनल में

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञननंदा ने गुरुवार को यहां हमवतन अजरुन एरिगैसी को सडन डेथ टाईब्रेकर में 5-4 से हराकर फिडे विश्वकप शतरंज के सेमीफाइनल में जगह बनाई।सत्रह वर्षीय प्रज्ञननंदा सेमीफाइनल में अमेरिका के फैबियानो कारूआना से भिड़ेंगे और उनके पास अगले साल होने वाले कैंडिडेट टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने का मौका होगा। इस टूर्नामेंट में शीर्ष तीन में रहने वाले खिलाड़ी कैंडिडेट प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करेंगे ।

प्रज्ञननंदा ने सेमीफाइनल में पहुंचकर एक तरह से कैंडिडेट टूर्नामेंट में अपनी जगह लगभग सुरक्षित कर ली है क्योंकि संभावना है कि विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैगनस कार्लसन इस प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे। भारत की तरफ से अभी तक पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ही कैंडिडेट प्रतियोगिता में खेले हैं।इन दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने बुधवार को क्लासिकल सीरीज में एक-एक बाजी जीती थी जिसके बाद मुकाबला टाईब्रेकर तक खींच गया था।टाई ब्रेकर की पहली बाजी में प्रज्ञननंदा ने जीत दर्ज की लेकिन एरिगैसी ने अगली बाजी जीतकर शानदार वापसी की। प्रज्ञन ने इसके बाद तीसरी तो एरिगैसी ने चौथी बाजी जीती जिससे मुकाबला सडन डेथ में पहुंच गया। दिलचस्प बात यह रही कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी बाजियां काले मोहरों से जीती।

Exit mobile version