Site icon Dainik Savera Times

दांबुला में भारत-ए का दबदबा: वैभव की विस्फोटक पारी, श्रीलंका-ए को फाइनल में 66 रन से हराया

Tri Nation Series

Tri Nation Series

Tri Nation A Series: भारत-ए ने त्रिकोणीय सीरीज (भारत-ए, श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए) के फाइनल मैच में श्रीलंका-ए के विरुद्ध 66 रन से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में भारत के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 29 गेंदों में 94 रन की पारी खेलकर अपनी चमक बिखेरी।

वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़ा

रांगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 9 विकेट खोकर 377 रन बनाए। भारत-ए को वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्य की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने महज 53 गेंदों में 132 रन की साझेदारी की।वैभव ने सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो ‘लिस्ट-ए’ क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी रही। वैभव 29 गेंदों का सामना करते हुए 8 छक्कों और 10 चौकों के साथ 94 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद टीम को प्रियांश आर्य (39) के रूप में दूसरा झटका लगा।

यहां से कप्तान तिलक वर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी करते हुए भारत को 200 के पार पहुंचाया। गायकवाड़ 51 गेंदों में 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान तिलक ने कुमार कुशाग्र (36) के साथ चौथे विकेट के लिए 63 रन जुटाकर भारतीय टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। तिलक वर्मा 90 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 67 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद निशांत संधु (16), विपराज निगम (27) और अनुकूल रॉय (39) ने छोटी-छोटी पारियां खेलते हुए भारत को 377/9 के स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से कुगाथास मथुलन, रविंदु फर्नांडो और वानुजा सहान ने 2-2 विकेट हासिल किए।

श्रीलंकाई टीम 311 के स्कोर पर सिमट गई

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 47.1 ओवरों में 311 के स्कोर पर सिमट गई। श्रीलंका ने 75 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। यहां से सदीरा समरविक्रमा (52) ने कप्तान सहान अराच्चिगे (38) के साथ चौथे विकेट के लिए 53 रन जुटाए। श्रीलंकाई टीम ने 177 के स्कोर तक अपने 6 विकेट खो दिए थे। यहां से वानुजा सहान (62) ने विजयकांत वियासकांत (39) के साथ सातवें विकेट के लिए 77 रन जुटाकर श्रीलंका की हार के अंतर को कम करने में बड़ा योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की तरफ से यश ठाकुर और विपराज निगम ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि अनुकूल रॉय ने 2 विकेट निकाले। अशोक शर्मा और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट हाथ लगा।

Exit mobile version