
UP T20 League 2026: मेरठ मेवरिक्स ने यूपी टी20 लीग 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। फाइनल मुकाबले में रिंकू सिंह की अगुवाई वाली मेरठ की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए लखनऊ फॉल्कंस को 94 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ मेरठ मेवरिक्स ने टूर्नामेंट का खिताब दूसरी बार हासिल किया। इससे पहले टीम 2024 में चैंपियन बनी थी।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ मेवरिक्स ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 203 रन बनाए। टीम की शुरुआत स्वास्तिक चिकारा और दिव्यांश जोशी ने की और दोनों ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। स्वास्तिक ने 18 रन बनाए, जबकि ऋतुराज शर्मा ने 17 गेंदों में 24 रन और अक्षय दुबे ने 10 गेंदों में 15 रन का योगदान दिया।
ये भी पढ़ें-https://dainiksaveratimes.com/sports/pakistan-cricket-squad-pcb-shoaib-akhtar/
मेरठ के कप्तान रिंकू सिंह बल्ले से ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके और केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, दूसरे छोर पर दिव्यांश जोशी ने मोर्चा संभाले रखा और लखनऊ के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने महज 40 गेंदों पर 105 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 262.50 का रहा।
204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फॉल्कंस की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। हिमांशु सिंह सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आराध्य यादव भी 5 रन ही बना सके। मोहम्मद सैफ ने 12 गेंदों में 10 रन बनाए। इसके बाद अजित वर्मा 4 रन बनाकर रनआउट हुए और अक्षु बाजवा भी 4 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
लखनऊ की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 109 रन पर ही सिमट गई। प्रियाम गर्ग खाता भी नहीं खोल सके, जबकि विपराज निगम 3 रन बनाकर जीशान अंसारी का शिकार बने। भुवनेश्वर कुमार 5 रन बनाकर नाबाद रहे। मेरठ की ओर से विशाल चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। वहीं, जीशान अंसारी को 2 विकेट मिले।
इस तरह मेरठ मेवरिक्स ने लखनऊ फॉल्कंस को 94 रनों से हराकर यूपी टी20 लीग 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। दिव्यांश जोशी की तूफानी शतकीय पारी मेरठ की जीत की सबसे बड़ी वजह रही। रिंकू सिंह की कप्तानी में टीम ने पूरे फाइनल में दबदबा बनाए रखा और 2024 के बाद एक बार फिर यूपी टी20 लीग का खिताब जीतने में सफलता हासिल की।
मेष: दिन शुभ रहेगा...