Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने शतक लगाते ही ध्वस्त कर दिए बड़े-बड़े रिकॉर्ड

April 29, 2025

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने शतक लगाते ही ध्वस्त कर दिए बड़े-बड़े रिकॉर्ड

Vaibhav Suryavanshi : 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को अगर छोटा पैकेट बड़ा धमाका कहा जाए तो गलत नहीं होगा। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच सोमवार शाम को खेले गए मैच में सूर्यवंशी का बल्ला ऐसा चला कि हर कोई उनका दीवाना बन गया। 14 साल की उम्र में वैभव ने महज 35 गेंदों में शतक जड़कर आईपीएल की रिकॉर्ड बुक को हिलाकर रख दिया। आइए, जानते हैं वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कौन-कौन से कीर्तमिान को ध्वस्त किया।

तोड़ा युसूफ पठान का रिकॉर्ड-
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ये कारनामा राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए युसूफ पठान ने किया था, जिन्होंने 37 गेंद पर शतक लगाया था। हालांकि, वैभव ने युसूफ के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए महज 35 गेंदों में ही ये कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने के मामले में वैभव के आगे अब सिर्फ क्रिस गेल हैं, जिनके नाम 30 गेंदों में शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है।

सबसे कम उम्र के शतकवीर-
इसके अलावा, वैभव ने टी20 में सबसे कम उम्र के शतकवीर खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है। सूर्यवंशी ने महज 14 साल 32 दिन की उम्र में टी-20 में शतक लगाकर इतिहास रच दिया है।

सबसे तेज शतक लगाने वाले अनकैप्ड बल्लेबाज-
इतना ही नहीं, अनकैप्ड बल्लेबाज की ओर से आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भी वैभव पहले नंबर पर हैं। उन्होंने प्रियांश आर्य के रिकॉर्ड को तोड़ा है, जिन्होंने इसी सीजन में 39 गेंद पर शतक लगाया था।

सबसे तेज अर्ध शतक-
वैभव ने सबसे तेज फिफ्टी बनाने वाले युवा बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। वैभव ने महज 17 गेंदों पर 50 रन बनाए हैं।

एक पारी में सबसे अधिक छक्के-
साथ ही 14 साल के वैभव आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए हैं। वैभव सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 101 रनों की पारी में 11 छक्के लगाए। साथ ही वह एक आईपीएल पारी में राजस्थान रॉयल्स की ओर से सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।

सबसे कम उम्र में IPL नीलामी में-
पिछले साल, वैभव आईपीएल नीलामी में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए थे, जब उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपए में खरीदा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें