Vaibhav Suryavanshi: पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में ईशान किशन की वापसी के बाद वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी को केवल चोटिल खिलाड़ियों की जगह टीम में शामिल किए जाने वाले विकल्प के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए।
आकाश चोपड़ा का सुझाव है कि अगर वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में नियमित मौके मिलने की संभावना नहीं है, तो उनके लिए घरेलू क्रिकेट में वापस लौटना बेहतर होगा। खासकर फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने से उन्हें मैच का अनुभव हासिल करने और क्रीज पर अधिक समय बिताने का मौका मिलेगा।
ईशान किशन के चोटिल होने के बाद वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टी20 मुकाबले में खेलने का मौका मिला था। युवा बल्लेबाज ने इन दोनों मैचों में क्रमशः 4 और 45 रन बनाए। हालांकि, चौथे टी20 मैच में ईशान किशन की वापसी के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- PM मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, 400 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “पिछले मैच में अभिषेक ने 100 रन बनाए और वैभव अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। लेकिन टीम की बल्लेबाजी काफी अच्छी रही। इसके बाद सवाल यह था कि अगर ईशान फिट हैं, तो किस खिलाड़ी को बाहर किया जाएगा? अगर आप इस फैसले को सैद्धांतिक रूप से देखें, तो जवाब वैभव सूर्यवंशी होगा, क्योंकि वह चोटिल ईशान किशन की जगह टीम में आए थे। लेकिन यह मुकाबला पहले ही सीरीज के लिहाज से अप्रासंगिक हो चुका था।”
मैदान पर खेलने का मिले मौका
उन्होंने आगे कहा, “वैभव सूर्यवंशी को टीम से बाहर करने का फैसला एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। क्या आप वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ तभी खिलाएंगे, जब कोई दूसरा खिलाड़ी चोटिल होगा या उपलब्ध नहीं होगा? अगर ऐसा है, तो आप उन्हें घर वापस भेज सकते हैं। उनसे कह सकते हैं कि वह जाकर फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलें। बेशक, भारतीय ड्रेसिंग रूम में रहकर भी वह काफी कुछ सीख सकते हैं। लेकिन अगर लंबे समय तक ऐसा ही चलता रहा, तो उन्हें बल्ले से गेंद का सामना करने और मैदान पर खेलने का मौका मिलना चाहिए।”
आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट से वैभव सूर्यवंशी को लेकर अपनी योजनाओं और भविष्य की रणनीति स्पष्ट करने की अपील की। उन्होंने युवा खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने पर निराशा जताई और कहा कि टीम में उनकी भूमिका को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।
वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या है रोडमैप?
चोपड़ा ने कहा, “टीम को सामने आकर यह बताना चाहिए कि वैभव सूर्यवंशी को लेकर उनका रोडमैप और सोच क्या है। हो सकता है कि उन्होंने इस बारे में पहले ही विचार कर लिया हो और कोई योजना भी बनाई हो, लेकिन उन्होंने इसके बारे में किसी को बताया नहीं है। ऐसे में हमें नहीं पता कि वे वैभव सूर्यवंशी के साथ क्या करने वाले हैं। उन्हें टीम से बाहर रखना थोड़ा निराशाजनक था।”
ईशान किशन की वापसी रही निराशाजनक
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में वापसी करने वाले ईशान किशन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह बिना खाता खोले यानी शून्य पर आउट हो गए।
इस मुकाबले में भारतीय टीम को 260 रनों का विशाल लक्ष्य मिला था, लेकिन टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 172 रन ही बना सकी। इस तरह भारतीय टीम लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही।

