Site icon Dainik Savera Times

महिला ग्रैंड स्विस शतरंज प्रतियोगिता में वैशाली ने पूर्व विश्व चैंपियन मारिया मुजिचुक को हराया

 

आइल ऑफ मैन (ब्रिटेन): भारत की आर वैशाली ने फिडे महिला ग्रैंड स्विस शतरंज प्रतियोगिता के चौथे दौर में यूक्रेन की पूर्व विश्व चैंपियन मारिया मुजिचुक को हराकर अपने अंकों की संख्या 3.5 पर पहुंचा दी। यह प्रतियोगिता विश्व चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा है। भारत के उदीयमान शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञाननंदा की बहन वैशाली ने हाल ही में समाप्त हुए कतर मास्टर्स में अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल किया था।

उससे उन्होंने साबित कर दिया था कि वह किसी भी चुनौती के लिए तैयार हैं। चेन्नई की रहने वाली इस खिलाड़ी ने शनिवार को अपने आक्रामक कौशल का शानदार नजारा पेश किया और मुजिचुक को केवल 23 चाल में हराया। यूक्रेन की खिलाड़ी ने शुरू में ही प्यादा गंवा दिया था जिससे वह आखिर तक नहीं उबर पाई। वैशाली की यह चार बाजियों में तीसरी जीत है।

ओपन वर्ग में ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी की जीत एक समय सुनिश्चित लग रही थी लेकिन आखिर में र्सिबया के एलेक्जेंडर प्रेडके ने उन्हें ड्रॉ पर रोक दिया। इस बीच ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा। उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के पूर्व चैलेंजर स्पेन के एलेक्सी शिरोव को हराकर अपनी लगातार तीसरी जीत हासिल की।

 

 

Exit mobile version